मुजफ्फरनगर: वेयरहाउस डिपो में हादसा, पिता की गाड़ी की पर्ची कटवाने गए युवक को ट्रक ने मारी टक्कर

HIGHLIGHTS
- चांद अपने पिता और साथी मजदूरों के लिए खाना-पानी लेकर पहुंचा था।
- हादसे के बाद उसे पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया।
- पुलिस ने दुर्घटना में शामिल वाहन को कब्जे में लिया है।
मुजफ्फरनगर। बामनहेड़ी स्थित केंद्रीय भंडारण निगम (सेंट्रल वेयरहाउस) डिपो में शनिवार सुबह करीब 11 बजे हादसा हो गया। देवबंद क्षेत्र के तल्हेड़ी बुजुर्ग निवासी अरसद उर्फ गुड्डू का बेटा चांद डिपो परिसर में एक वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल चांद को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया। मेरठ के अस्पताल में चांद की स्थिति बेहद नाजुक बताई जा रही है और उसे वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।
पिता और साथी मजदूरों के लिए खाना-पानी लेकर पहुंचा था
परिजनों के अनुसार, चांद अपने पिता और अन्य साथी मजदूरों के लिए खाना-पानी लेकर बामनहेड़ी डिपो पहुंचा था। इसके बाद वह पिता की गाड़ी की पर्ची कटवाने के लिए डिपो परिसर में गया था। आरोप है कि इसी दौरान पीछे से आए एक ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में चांद को गंभीर चोटें आईं।
हादसे के बाद डिपो में मौजूद साथी मजदूरों और स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया। परिजनों का कहना है कि चांद के शरीर में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया।
पुलिस ने वाहन कब्जे में लिया
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे में शामिल वाहन को कब्जे में ले लिया। पुलिस हादसे के कारणों और चालक की भूमिका की जांच कर रही है।
इलाज का खर्च उठाने का आश्वासन
बताया गया कि चांद का परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और मजदूरी के जरिए परिवार का पालन-पोषण होता है। हादसे के बाद गांव के जिम्मेदार लोगों, डिपो प्रबंधन, ट्रांसपोर्टर और पुलिस प्रशासन के बीच बातचीत हुई।
बातचीत के दौरान डिपो प्रबंधन और वाहन मालिक की ओर से घायल युवक के इलाज का पूरा खर्च उठाने के साथ आर्थिक मदद देने का आश्वासन दिया गया।
परिवार और संबंधित पक्षों के बीच सहमति बनने तक वाहन को मौके से नहीं हटाने पर भी सहमति बनी। फिलहाल परिजन चांद की हालत को लेकर चिंतित हैं। मेरठ के अस्पताल में उसका उपचार जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.