नोएडा में 6 साल की बच्ची की अपहरण के बाद हत्या, बोरी में शव ले जाते दिखा आरोपी

HIGHLIGHTS
- पांच पुलिस टीमों ने बच्ची की तलाश शुरू की थी
- सीसीटीवी और तकनीकी मदद से पुलिस को अहम सुराग मिले
- संदिग्ध से पूछताछ के बाद बच्ची का शव बरामद हुआ
नोएडा: ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र के एक गांव में छह साल की नाबालिग बच्ची के अपहरण के बाद हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि रक्षाबंधन के दिन आरोपी बच्ची को उसके घर से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। इसके बाद उसकी हत्या कर शव को बोरी में भरकर बाहर ठिकाने लगाया गया। बच्ची को बोरी में भरकर ले जाते हुए आरोपी का वीडियो भी सामने आया है। परिजनों ने बच्ची के अपहरण के बाद दुष्कर्म कर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। मामले की जांच कर रही पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी परिवार ने थाना ईकोटेक-3 में शिकायत दी थी कि उनकी करीब छह वर्षीय बच्ची घर से बिना बताए कहीं चली गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर बच्ची की तलाश शुरू कर दी। बच्ची को खोजने के लिए पांच अलग-अलग पुलिस टीमों को लगाया गया। टीमों ने सीसीटीवी फुटेज के साथ तकनीकी और स्थानीय स्रोतों की मदद से तलाश शुरू की।
पुलिस टीमों ने आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा अन्य माध्यमों से भी जानकारी जुटाई गई। जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर एक संदिग्ध की पहचान हुई। पुलिस ने संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद बच्ची का शव बरामद कर लिया गया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक चिकित्सकों के पैनल द्वारा वीडियोग्राफी के बीच शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद बच्ची की मौत के कारण और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों और फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपी से पूछताछ कर घटना की पूरी कड़ी जोड़ने का प्रयास कर रही है।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र सिंह ने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.