रक्षाबंधन पर यूपी में 88.94 लाख यात्रियों ने की निशुल्क बस यात्रा, योगी सरकार ने खर्च किए ₹106.98 करोड़

HIGHLIGHTS
- 27 से 29 अगस्त 2026 तक प्रदेश में निशुल्क बस यात्रा की सुविधा दी गई।
- कुल 88,94,730 यात्रियों ने मुफ्त बस यात्रा का लाभ उठाया।
- इनमें 55.17 लाख महिलाएं और 33.76 लाख सहयात्री शामिल रहे।
रक्षाबंधन के मौके पर योगी सरकार की ओर से महिलाओं और उनके सहयात्रियों के लिए शुरू की गई तीन दिन की निशुल्क बस यात्रा का प्रदेशभर में बड़ी संख्या में लोगों ने लाभ उठाया। इस बार निशुल्क यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या ने पिछले वर्ष का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) के आंकड़ों के अनुसार, 27 से 29 अगस्त 2026 के बीच कुल 88,94,730 यात्रियों ने मुफ्त बस यात्रा की। इनमें 55.17 लाख महिलाएं और 33.76 लाख सहयात्री शामिल रहे। सरकार की ओर से इस निशुल्क यात्रा के एवज में 106.98 करोड़ रुपये का खर्च वहन किया गया।
परिवहन विभाग की अपर मुख्य सचिव अर्चना अग्रवाल ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी जी ने महिलाओं और उनके सहयात्रियों को निशुल्क बस यात्रा की सुविधा देने की घोषणा की थी। इस व्यवस्था को सफल बनाने में परिवहन निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों और चालक-परिचालकों ने पूरी प्रतिबद्धता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई। वहीं, विभागीय मंत्री के मार्गदर्शन और सहयोग से भी व्यवस्थाओं को बेहतर तरीके से संचालित किया गया।
2025 की तुलना में 10.68 लाख ज्यादा यात्रियों ने उठाया लाभ
इस साल रक्षाबंधन पर निशुल्क बस यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या पिछले साल के मुकाबले काफी अधिक रही। वर्ष 2025 में तीन दिनों के दौरान 78.26 लाख यात्रियों ने मुफ्त यात्रा की थी। इस वर्ष यह आंकड़ा बढ़कर 88.94 लाख पहुंच गया। इस तरह पिछले वर्ष की तुलना में करीब 10.68 लाख अधिक यात्रियों ने निशुल्क बस यात्रा का लाभ लिया।
निशुल्क यात्रा पर सरकार ने खर्च किए 106.98 करोड़ रुपये
तीन दिनों तक यात्रियों को मुफ्त बस सेवा उपलब्ध कराने में इस बार सरकार पर पिछले वर्ष के मुकाबले अधिक आर्थिक भार पड़ा। वर्ष 2025 में निशुल्क यात्रा के लिए सरकार ने 86.98 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए थे। इस वर्ष यह राशि बढ़कर 106.98 करोड़ रुपये हो गई। यानी पिछले वर्ष की तुलना में सरकार ने करीब 20 करोड़ रुपये अधिक खर्च किए।
28 अगस्त को सबसे ज्यादा 49.96 लाख यात्रियों ने की यात्रा
आंकड़ों के अनुसार, रक्षाबंधन के दिन 28 अगस्त को निशुल्क बस सेवा का सबसे ज्यादा लाभ लिया गया। इस दिन कुल 49.96 लाख यात्रियों ने बसों से यात्रा की। इनमें 32.47 लाख महिलाएं और 17.48 लाख सहयात्री शामिल थे।
27 अगस्त को 9.26 लाख, 28 अगस्त को 49.96 लाख और 29 अगस्त को 29.71 लाख यात्रियों ने निशुल्क बस यात्रा की। इन तीन दिनों में महिला यात्रियों की संख्या क्रमश: 6.03 लाख, 32.47 लाख और 16.66 लाख रही।
परिवहन निगम की तैयारियों से सुचारु रही व्यवस्था
रक्षाबंधन से पहले परिवहन निगम ने ज्यादा से ज्यादा बसों का संचालन सुनिश्चित करने के साथ ही प्रमुख बस स्टेशनों पर व्यवस्थाओं को मजबूत करने की तैयारी की थी। 27 से 29 अगस्त तक सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक यात्रियों को निशुल्क बस यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई गई। बेहतर तैयारियों के चलते यात्रा के दौरान किसी भी यात्री को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
2017 से महिलाओं को रक्षाबंधन पर निशुल्क यात्रा की सुविधा
सीएम योगी ने सरकार बनने के बाद पहले वर्ष से ही महिलाओं की सुरक्षा और उनके उत्थान के लिए काम किया है। इसी क्रम में सरकार के पहले वर्ष से रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं के लिए निशुल्क बस यात्रा की शुरुआत की गई, जो अब तक जारी है।
वर्ष 2017 में 11.16 लाख महिला यात्रियों ने इस सुविधा का लाभ लिया था। 2018 में यह संख्या 11.69 लाख, 2019 में 12.04 लाख और 2020 में 7.36 लाख रही। इसके बाद 2021 में 9.63 लाख, 2022 में 22.32 लाख, 2023 में 29.29 लाख और 2024 में 19.78 लाख महिला यात्रियों ने निशुल्क यात्रा की। वर्ष 2025 में महिलाओं के साथ सहयात्री को भी इस सुविधा में शामिल किए जाने के बाद कुल निशुल्क टिकटों की संख्या 78.26 लाख रही।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.