चित्रकूट में बाढ़ के बीच दो बुजुर्गों के लिए देवदूत बनी वायुसेना, चेतक से किया सफल रेस्क्यू

HIGHLIGHTS
- चित्रकूट के दूरदराज बाढ़ प्रभावित इलाके में हुआ रेस्क्यू
- लगातार बारिश से इलाके में जलस्तर तेजी से बढ़ा था
- तेज बहाव और भंवर के कारण बचाव अभियान मुश्किल हुआ
चित्रकूट। चित्रकूट में उफान पर आई बाढ़ और मूसलाधार बारिश के बीच फंसे दो बुजुर्गों के लिए भारतीय वायु सेना के जवान देवदूत बनकर पहुंचे। बाढ़ के विकराल रूप और तेज जलप्रवाह के सामने जब राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की नावें भी बेबस हो गईं, तब प्रयागराज स्थित मध्य वायु कमान मुख्यालय ने मोर्चा संभालते हुए हवाई रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
वायु सेना के एक चेतक हेलिकॉप्टर ने कुछ ही पलों में बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच साहसिक और सटीक ऑपरेशन को अंजाम दिया। घटना चित्रकूट के बाढ़ प्रभावित एक दूरदराज इलाके की है, जहां लगातार बढ़ते जलस्तर ने स्थिति गंभीर कर दी थी। तेज जलप्रवाह और भंवर के कारण एसडीआरएफ का बचाव अभियान काफी जोखिम भरा हो गया था और नावों का उस इलाके तक पहुंचना संभव नहीं था। इसके बाद स्थानीय प्रशासन ने वायु सेना से मदद मांगी। हालात की गंभीरता को देखते हुए प्रयागराज से चेतक हेलिकॉप्टर को तत्काल रवाना किया गया।
जान जोखिम में डालकर बचाई जान
मौके पर पहुंचने के बाद हेलिकॉप्टर के चालक दल ने असाधारण कौशल का प्रदर्शन किया। उफनती जलराशि के ऊपर हेलिकॉप्टर को स्थिर यानी हॉवरिंग पोजीशन में रखते हुए वायु योद्धाओं ने बेहद चुनौतीपूर्ण हालात में सटीक विंचिंग ऑपरेशन शुरू किया।
हेलिकॉप्टर से रस्सी के सहारे नीचे उतरे दल ने तेज जलप्रवाह के बीच फंसे दोनों बुजुर्गों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें सकुशल तट तक पहुंचाया।
इस साहसिक और मानवीय ऑपरेशन की स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की। लोगों ने वायु सेना के जवानों की बहादुरी की प्रशंसा की।
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता एवं विंग कमांडर देवार्थों धर ने सफल रेस्क्यू की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि भारतीय वायु सेना की त्वरित प्रतिक्रिया, उत्कृष्ट फ्लाइंग स्किल और प्रशासनिक समन्वय के कारण समय रहते दोनों नागरिकों को सुरक्षित निकाला जा सका।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.