यूपी: सीएम योगी का सपा पर हमला, बोले- जेपीएनआईसी भ्रष्टाचार का जीवंत स्मारक

HIGHLIGHTS
- सीएम योगी ने रविवार को लखनऊ में जनसमूह को संबोधित किया
- जेपीएनआईसी की लागत 200 करोड़ रुपये बताई गई थी
- परियोजना पर 864 करोड़ रुपये खर्च होने के बाद भी अधूरा रहने का आरोप
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लखनऊ में बना जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (जेपीएनआईसी) समाजवादी पार्टी के भ्रष्टाचार का जीवंत स्मारक है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने इसे अपनी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के अड्डे की तरह बना दिया था। उनके मुताबिक, किसी महापुरुष के नाम का इससे बड़ा अपमान नहीं हो सकता। प्रदेश सरकार अपराध और अपराधियों के साथ-साथ बेईमानी व भ्रष्टाचार के खिलाफ भी जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।
मुख्यमंत्री रविवार को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के साथ वीरांगना अवंतीबाई लोधी की भव्य प्रतिमा का लोकार्पण करने के बाद जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित करने वाले जयप्रकाश नारायण के नाम पर सपा शासनकाल में शुरू किए गए इस प्रोजेक्ट की लागत 200 करोड़ रुपये थी, लेकिन 864 करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद यह अधूरा रह गया। जिस परियोजना को 18 महीने में पूरा होना था, वह दो साल बाद भी पूरी नहीं हुई थी। सेंटर पर सपा का कब्जा बनाए रखने के लिए एक कमेटी बनाई गई थी, जिसमें अखिलेश यादव, डिंपल यादव, धर्मेंद्र यादव, अखिलेश के निजी सचिव और सपा प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी शामिल थे।
जनता के पैसे पर डकैती की छूट नहीं
सीएम योगी ने कहा कि जेपीएनआईसी पर खर्च किए गए 864 करोड़ रुपये सैफई सिंडिकेट के नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की जनता के हैं। उन्होंने कहा कि जनता के पैसे पर किसी राजनीतिक दल को डकैती डालने की अनुमति नहीं दी जा सकती। सरकार ने कमेटी को भंग कर इस सेंटर को वापस ले लिया है।
उन्होंने कहा कि अब इसे लखनऊ विकास प्राधिकरण के मार्गदर्शन में संचालित किया जाएगा और जयप्रकाश नारायण की स्मृति को जीवंत किया जाएगा। साथ ही, प्रदेश के खजाने से खर्च की गई धनराशि की वसूली का प्रयास किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने जिन लोगों के हाथ से खजाना छीन लिया, वे अब अनर्गल प्रलाप कर रहे हैं।
दंगा-कर्फ्यू, जातीय राजनीति सपा की पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीडीए के नाम पर समाज को बांटने वाली सपा के लोगों ने कभी महापुरुषों का सम्मान नहीं किया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर सपा नेताओं की ओर से श्रद्धांजलि का एक शब्द नहीं निकला और न ही एक ट्वीट किया गया।
सीएम योगी ने कहा कि सपा दंगों की बादशाह है, कर्फ्यू उसकी पहचान है और सरकारी खजाने में लूट-खसोट उसकी आदत रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि खाली जमीनों पर सपाई गुंडों का कब्जा और महिलाओं-बेटियों में भय का माहौल पिछली सरकार की सबसे बड़ी पहचान रहा है।
प्रेरित करेगी वीरांगना अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा
सीएम योगी ने कहा कि लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति को समर्पित है, जिसका लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। यहां डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाएं देश की अखंडता, अंत्योदय और सुशासन की प्रेरणा देती हैं।
उन्होंने कहा कि इसी तरह वीरांगना अवंतीबाई लोधी की भव्य अश्वारोही प्रतिमा भारतीय नारी की गरिमा, शौर्य और तेजस्विता का प्रतीक बनकर देशवासियों को प्रेरित करेगी।
पीएसी में तीन महिला बटालियन गठित
सीएम ने कहा कि अच्छी सरकार ही अच्छा काम करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के समय दंगाइयों के खिलाफ कार्रवाई करने वाली पीएसी को समाप्त करने की कोशिश की गई थी। भाजपा सरकार ने पीएसी की सभी 54 कंपनियों को पुनर्गठित किया।
उन्होंने कहा कि पीएसी में बेटियों को भी नेतृत्व की भूमिका देने का फैसला किया गया। इसी क्रम में प्रदेश में वीरांगना ऊदा देवी, झलकारी बाई और अवंतीबाई लोधी के नाम पर तीन महिला बटालियन गठित की गई हैं। इनमें एक लखनऊ में, दूसरी गोरखपुर में और तीसरी बदायूं में निर्माण के अंतिम चरण में है।
50 हजार बेटियों को मिलेगी स्कूटी
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्नातक अंतिम वर्ष की 50 हजार बेटियों को रानी लक्ष्मीबाई के नाम पर स्कूटी दी जाएंगी। उन्होंने बताया कि 27, 28 और 29 अगस्त को हर बेटी, बहन और माता को परिवहन निगम तथा सिटी बस सेवा में निशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई।
अब 60 वर्ष से अधिक उम्र की प्रत्येक महिला के लिए निगम की बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा शुरू कर दी गई है।
महापुरुषों के प्रति श्रद्धा-सम्मान की भावना जीवंत रहे
मुख्यमंत्री ने क्षत्रिय लोधी महासभा के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम के आयोजकों का आभार जताया और समाज की एकता तथा महापुरुषों के आदर्शों को आगे बढ़ाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि वीरांगना अवंतीबाई लोधी, अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी और श्रद्धेय बाबूजी कल्याण सिंह ने समाज की एकता को मजबूत करने के साथ राष्ट्र को भी सशक्त बनाने का काम किया। उन्होंने कहा कि इन महापुरुषों के प्रति श्रद्धा और सम्मान की भावना आने वाली पीढ़ियों में भी जीवित रहे, इसके लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री बी.एल. वर्मा, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल सहित भाजपा पदाधिकारी, लोधी महासभा के प्रतिनिधि, विधायक और बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.