ऋषिकेश का रामझूला पूरी तरह बंद, दिसंबर तक नहीं होगी आवाजाही

HIGHLIGHTS
- रामझूला पुल को मरम्मत कार्य के चलते पूरी तरह बंद कर दिया गया है।
- पुल के 20 पायों और 440 सस्पेंडर्स वायर को बदला जा रहा है।
- लोनिवि ने दिसंबर तक पुल दोबारा खोलने का लक्ष्य रखा है।
ऋषिकेश: लोक निर्माण विभाग नरेंद्र नगर ने मरम्मत कार्य के चलते रामझूला पुल को पूरी तरह से आवाजाही के लिए बंद कर दिया है। विभाग के अनुसार, पुल की मरम्मत का काम दिसंबर माह के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद इसे दोबारा यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।
रामझूला पुल लंबे समय से जर्जर स्थिति में था और इसे प्रदेश के असुरक्षित पुलों की सूची में भी शामिल किया गया था। इसकी मरम्मत को लेकर लंबे समय से प्रक्रिया चल रही थी। शासन से करीब 10 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत होने के बाद लोनिवि नरेंद्र नगर ने पुल पर मरम्मत कार्य शुरू किया।
लोक निर्माण विभाग के मुताबिक, गंगा नदी के अंदर पुल के 20 पायों (पाइलों) और 440 सस्पेंडर्स वायर को बदला जा रहा है। विभाग का लक्ष्य दिसंबर तक सभी कार्य पूरे कर पुल को फिर से खोलने का है। वर्ष 1985 में बने इस ऐतिहासिक सस्पेंशन पुल की लंबाई 220 मीटर और चौड़ाई 3 मीटर है। यह पुल मुनि की रेती और स्वर्गाश्रम क्षेत्र को आपस में जोड़ता है।
17 अगस्त 2023 से दोपहिया वाहनों पर लगी थी रोक
रामझूला पुल पर दोपहिया वाहनों की आवाजाही 17 अगस्त 2023 को भारी बारिश और गंगा में बढ़े जलस्तर के कारण सहायक तार टूटने और दरारें आने के बाद पूरी तरह बंद कर दी गई थी। हालांकि, इससे पहले जुलाई 2019 में भी कांवड़ यात्रा के दौरान कुछ समय के लिए दोपहिया वाहनों के संचालन पर रोक लगाई गई थी। गंगा के बढ़ते जलस्तर के कारण सपोर्टिंग वायर और फाउंडेशन को नुकसान पहुंचने के बाद सुरक्षा के लिहाज से यह कदम उठाया गया था।
लक्ष्मणझूला बंद होने से बढ़ा था दबाव
टिहरी और पौड़ी जिले की सीमा को जोड़ने वाले करीब 92 साल पुराने लक्ष्मणझूला पुल को सुरक्षा कारणों से 13 जुलाई 2019 को आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया था। लक्ष्मणझूला बंद होने के बाद स्थानीय लोगों और पर्यटकों को रामझूला और जानकीसेतु के रास्ते करीब दो से चार किलोमीटर पहले से आवागमन करना पड़ रहा है। इसके चलते रामझूला पुल पर भी यातायात का दबाव बढ़ गया था।
लोनिवि नरेंद्र नगर के अधिशासी अभियंता प्रवीण कर्णवाल ने बताया कि रामझूला पुल को मरम्मत के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है। दिसंबर माह तक मरम्मत कार्य पूरा कर इसे फिर से खोल दिया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.