कानपुर में BSF HCM परीक्षा के दौरान हंगामा, पेपर लीक का आरोप

HIGHLIGHTS
- परीक्षा के दौरान कई कंप्यूटर सिस्टम हैंग होने की शिकायत सामने आई।
- माउस और कीबोर्ड काम नहीं करने से अभ्यर्थियों को परेशानी हुई।
- बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं परीक्षा केंद्र के बाहर जुट गए।
कानपुर। बीएसएफ हेड कांस्टेबल मिनिस्ट्रियल (HCM) की परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों ने बुधवार को चकेरी के श्याम नगर स्थित एमडी इन्फोटेक परीक्षा केंद्र पर जमकर हंगामा किया। अभ्यर्थियों ने पेपर लीक होने का आरोप लगाते हुए परीक्षा की व्यवस्था पर सवाल उठाए।
अभ्यर्थियों का आरोप है कि ऑनलाइन परीक्षा के दौरान कई कंप्यूटर सिस्टम हैंग हो गए। इसके अलावा माउस और कीबोर्ड ने भी काम करना बंद कर दिया, जिससे उन्हें सवाल हल करने में दिक्कत हुई।
परीक्षा के दौरान आई तकनीकी समस्याओं को लेकर अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं परीक्षा केंद्र पर एकत्र हो गए और विरोध करने लगे। अभ्यर्थियों का कहना है कि परीक्षा जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया में इस तरह की तकनीकी खामियों का उनकी मेहनत पर असर पड़ सकता है।
इसी बीच पेपर लीक होने की चर्चा से भी माहौल और गरमा गया। हंगामे की सूचना मिलते ही चकेरी पुलिस मौके पर पहुंची और नाराज अभ्यर्थियों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने किसी तरह स्थिति को काबू में किया। काफी देर तक परीक्षा केंद्र के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
वहीं, प्रथम पाली की परीक्षा निरस्त किए जाने की भी चर्चा होती रही। हालांकि, पेपर लीक होने और पहली पाली की परीक्षा रद्द किए जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अभ्यर्थियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और तकनीकी खामियों के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.