मुजफ्फरनगर में बेटी का शव ससुराल की चौखट पर रखकर हंगामा, पुलिस ने दिया जांच का भरोसा

HIGHLIGHTS
- प्राची तायल की मौत गाजियाबाद में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी।
- मौत के बाद प्राची का पोस्टमार्टम कराया गया।
- पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर मुजफ्फरनगर पहुंचे।
मुजफ्फरनगर में बुधवार रात उस समय हंगामा हो गया, जब मायके वाले बेटी प्राची तायल का शव लेकर उसकी ससुराल पहुंचे और घर की चौखट पर शव रखकर धरने पर बैठ गए। गाजियाबाद में संदिग्ध परिस्थितियों में प्राची की मौत के बाद पोस्टमार्टम कराया गया था।
पोस्टमार्टम के बाद परिजन एंबुलेंस से प्राची का शव नई मंडी स्थित ससुराल लेकर पहुंचे। आरोप है कि घर पर ताला लगा हुआ था और ससुराल पक्ष का कोई व्यक्ति वहां मौजूद नहीं था। इससे नाराज परिजन शव घर के बाहर रखकर धरने पर बैठ गए। सूचना मिलने पर नई मंडी पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया।
परिजनों ने प्राची की मौत के कारणों की निष्पक्ष जांच कराने के साथ ही घटना की सूचना देने में हुई देरी की भी पड़ताल कराने की मांग की।
पुलिस के समझाने के बाद शव घर ले गए
हंगामे की जानकारी मिलने पर नई मंडी कोतवाली प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों को मामले की निष्पक्ष जांच कराने और फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिया। इसके बाद मायके वाले शव को भगत सिंह रोड स्थित कुम्हारवाली गली में अपने घर ले गए। प्राची का अंतिम संस्कार गुरुवार सुबह किया जाएगा।
नवंबर 2025 में हुई थी शादी
प्राची तायल नई मंडी क्षेत्र की रहने वाली थी। उसकी शादी 23 नवंबर 2025 को नई मंडी में देवी मंदिर के पास रहने वाले हार्दिक पुत्र मदन गोपाल से हुई थी। हार्दिक गाजियाबाद की एक कंपनी में इंजीनियर है। शादी के बाद दोनों कुछ समय से गाजियाबाद में रह रहे थे।
मायके वालों ने लगाया प्रताड़ना का आरोप
प्राची के मायके वालों ने आरोप लगाया कि शादी के करीब 11 महीने के भीतर ही ससुराल पक्ष ने उसे परेशान करना शुरू कर दिया था। पति, सास, ससुर और अन्य परिजनों पर शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए गए हैं।
प्राची के चाचा अनिल तायल के अनुसार, शुरुआत में खाना ठीक से नहीं बनाने जैसी छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद होता था। बाद में यह विवाद बढ़ता चला गया।
बिचौलिए ने फोन कर दी मौत की सूचना
परिजनों के मुताबिक, शादी कराने वाले बिचौलिए मोनू ने फोन करके प्राची की मौत की जानकारी दी थी। उन्हें बताया गया कि प्राची ने फांसी लगाकर जान दे दी है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलने के बाद परिवार गाजियाबाद पहुंचा। परिजनों का कहना है कि अस्पताल और पोस्टमार्टम हाउस में ससुराल पक्ष का कोई सदस्य मौजूद नहीं था।
पति गिरफ्तार, अन्य आरोपी फरार बताए
परिजनों के अनुसार, मामले में गाजियाबाद पुलिस ने प्राची के पति हार्दिक को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं।
मायके वालों ने प्राची की मौत की वजह की जांच कराने और मामले में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.