मुजफ्फरनगर में सपा नेताओं के बीच मारपीट, मीनाक्षी चौक का वीडियो वायरल

HIGHLIGHTS
- सपा छात्र नेता नदीम मलिक और डॉ. इसरार अल्वी के बीच विवाद हुआ।
- दोनों के बीच पहले कहासुनी होने की जानकारी सामने आई है।
- विवाद के बाद दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई।
मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी के भीतर चल रही खींचतान अब सोशल मीडिया की बहस और कमेंटबाजी से आगे बढ़कर सड़क तक पहुंच गई। मंगलवार देर रात करीब 11 बजे मीनाक्षी चौक पर सपा छात्र नेता नदीम मलिक और डॉ. इसरार अल्वी आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के बीच हाथापाई और मारपीट शुरू हो गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों नेताओं के बीच भिड़ंत होती दिख रही है और कुछ लोग उन्हें रोकने की कोशिश कर रहे हैं।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, नदीम मलिक अपनी नई स्कॉर्पियो गाड़ी से मीनाक्षी चौक पहुंचे थे। वहां पहले से मौजूद डॉ. इसरार अल्वी से उनका सामना हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान इसरार ने नदीम की कार में तोड़फोड़ की और उसका शीशा भी तोड़ दिया। इसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और सड़क पर ही हाथापाई शुरू हो गई।
कुछ ही देर में हंगामा सड़क से निकलकर पास की गली तक पहुंच गया। सामने आए वीडियो में मारपीट के दौरान नदीम मलिक को एक दुकान की ओर खींचने की कोशिश करते हुए लोग दिखाई दे रहे हैं। मौके पर मौजूद सपा के पूर्व जिला मीडिया प्रभारी साजिद हसन और अन्य लोगों ने बीच में पड़कर उन्हें छुड़ाने का प्रयास किया। दुकान संचालकों ने भी मामला बढ़ता देख हस्तक्षेप किया और सभी को दुकान से बाहर कर दिया।
इस तरह कुछ ही समय में सपा नेताओं के बीच हुआ विवाद मीनाक्षी चौक पर हंगामे में बदल गया।
वॉट्सऐप ग्रुप पर पहले हुई थी बहस
बताया जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच विवाद की शुरुआत पहले ही हो चुकी थी। सपा के एक वॉट्सऐप ग्रुप में दोनों के बीच कमेंटबाजी हुई थी। इसके बाद सोशल मीडिया पर भी दोनों ने एक-दूसरे को जवाब दिए। इसी बयानबाजी को लेकर दोनों के बीच तनातनी चलने की चर्चा थी।
मंगलवार रात यही तनातनी आमने-सामने की भिड़ंत में बदल गई। घटना के समय मौके पर सपा के कई नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद थे। कुछ लोगों ने दोनों पक्षों को समझाने और रोकने की कोशिश की, लेकिन विवाद काफी देर तक शांत नहीं हुआ।
घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसके बाद सपा के भीतर चल रही गुटबाजी को लेकर चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.