योगी कैबिनेट के 18 बड़े फैसले: दो नए एक्सप्रेसवे को मंजूरी, छात्राओं को मिलेगी स्कूटी

HIGHLIGHTS
- यूपी कैबिनेट बैठक में 18 प्रस्तावों को मंजूरी, प्रयागराज-सोनभद्र एक्सप्रेसवे और विंध्य-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे समेत कई योजनाओं पर लगी मुहर।
- रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना को मंजूरी, कॉलेजों की टॉप 5 छात्राओं को स्कूटी देने के लिए 400 करोड़ रुपये का बजट रखा गया, करीब 50 हजार छात्राओं को लाभ मिलेगा।
- यूपी विधानमंडल का मानसून सत्र 3 से 6 अगस्त तक होगा, इस दौरान राज्य सरकार अनुपूरक बजट पेश करेगी।
लखनऊ। राजधानी स्थित कालीदास मार्ग पर मुख्यमंत्री आवास में मंगलवार को सीएम योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक आयोजित हुई। बैठक में कुल 18 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इसमें दो नए एक्सप्रेसवे के निर्माण को स्वीकृति मिली है। इसके अलावा संभल रिपोर्ट को भी पास किया गया।
बैठक में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाले लिंक एक्सप्रेसवे और अन्य परियोजनाओं के ईपीसी मोड में निर्माण के लिए विकासकर्ता चयन से जुड़े प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इसके साथ ही महिला कल्याण, सचिवालय प्रशासन, गृह विभाग, उच्च शिक्षा, राज्यकर, परिवहन, स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन और सहकारिता विभाग के प्रस्तावों पर भी मुहर लगी।
दो नए एक्सप्रेसवे को मिली मंजूरी
कैबिनेट बैठक में पहला एक्सप्रेसवे प्रयागराज से सोनभद्र तक बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसकी लंबाई 333 किलोमीटर होगी और निर्माण पर करीब 26 हजार करोड़ रुपये की लागत आएगी।
वहीं दूसरा विंध्य-पूर्वांचल लिंक ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे होगा। इसे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा। इसकी कुल लंबाई 117 किलोमीटर होगी। इस परियोजना के लिए 9039 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसमें 5628 करोड़ रुपये निर्माण कार्य के लिए और 1731 हेक्टेयर जमीन खरीदने के लिए राशि निर्धारित की गई है। यह एक्सप्रेसवे गाजीपुर, मिर्जापुर और चंदौली से होकर गुजरेगा।
इसके अलावा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर डायवर्जन से जुड़े प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली है। इसकी लंबाई 1.18 किलोमीटर होगी। रास्ते में अधिक संख्या में मकान आने के कारण इसमें बदलाव किया जा रहा है। हालांकि इसकी लागत में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।
छात्राओं को मिलेगी स्कूटी
कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि उच्च शिक्षा विभाग के तीन प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है। इनमें रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना, शोध पीठ स्थापना और महिला छात्रावास निर्माण शामिल हैं।
महिला सशक्तिकरण के तहत रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के माध्यम से सभी कॉलेजों की टॉप-5 छात्राओं को स्कूटी दी जाएगी। इसके लिए 400 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। योजना से करीब 50 हजार छात्राओं को लाभ मिलने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि भारतीय ज्ञान परंपरा को बढ़ावा देने के लिए इसे विश्वविद्यालयों में शिक्षा के सभी स्तरों पर शामिल किया जाएगा। एनईपी-2020 के तहत शोध पीठ की स्थापना की जाएगी। इसके लिए विश्वविद्यालयों को दो करोड़ रुपये और महाविद्यालयों को एक करोड़ रुपये तक की धनराशि दी जाएगी। यह राशि फिक्स्ड डिपॉजिट में रखी जाएगी और ब्याज से खर्च किया जाएगा। इसमें सीएसआर और अन्य माध्यमों से भी सहयोग लिया जा सकता है। 50 साल पुराने कॉलेज और पांच हजार छात्रों की क्षमता वाले कॉलेज इसके लिए पात्र होंगे।
बनारस में बनेगा नया महिला छात्रावास
बसंत महिला विश्वविद्यालय बनारस पिछले 12 वर्षों से संचालित हो रहा है। यहां वर्तमान में 220 छात्राओं की क्षमता वाला एक छात्रावास है। अब 2.48 करोड़ रुपये की लागत से 112 छात्राओं की क्षमता वाले नए महिला छात्रावास का निर्माण किया जाएगा।
तीन से छह अगस्त तक होगा विधानमंडल का मानसून सत्र
कैबिनेट बैठक में यूपी विधानमंडल के मानसून सत्र की तारीखों को भी मंजूरी दी गई। सत्र तीन अगस्त से छह अगस्त तक चलेगा। इस दौरान राज्य सरकार अपने विधायी कार्य पूरे करेगी और अनुपूरक बजट भी पेश किया जाएगा।
आगामी मानसून सत्र के दौरान विपक्ष की ओर से कई मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की संभावना जताई जा रही है। राम मंदिर चढ़ावा चोरी समेत अन्य मुद्दों पर सदन में हंगामा होने के आसार हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.