गंगा एक्सप्रेसवे का 60 मीटर हिस्सा धंसा, बारिश के बाद शुरू हुई मरम्मत

HIGHLIGHTS
- गंगा एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 354 के पास करीब 60 मीटर हिस्सा धंसा, मरम्मत शुरू।
- बारिश के कारण आई समस्या के बाद गिट्टी भरने का काम पूरा, डामरीकरण बाकी।
- एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित नहीं हुआ, तकनीकी टीम ने जांच शुरू की।
प्रयागराज को मेरठ से जोड़ने वाले गंगा एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन संख्या 354 के पास सहादतपुरवा क्षेत्र में करीब 60 मीटर का हिस्सा सोमवार रात किसी समय धंस गया। जानकारी मिलते ही कार्यदायी संस्था के तकनीकी कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत का काम शुरू कर दिया।
धंसे हुए हिस्से में नीचे से गिट्टी भरने का काम किया गया है, जबकि डामरीकरण का काम अभी बाकी है। खास बात यह है कि यह स्थान उस जगह से करीब सात किलोमीटर दूर है, जहां से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्सप्रेसवे का लोकार्पण किया था। गंगा एक्सप्रेसवे का निर्माण 36,230 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है।
बता दें कि 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में मल्लावां के पास आयोजित जनसभा में 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण किया था। पिछले दो दिनों में हुई बारिश के कारण मल्लावां क्षेत्र में माइलस्टोन संख्या 354 के पास एक्सप्रेसवे धंसने की बात सामने आई। हालांकि, इस कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित नहीं हुई।
एक्सप्रेसवे का हिस्सा धंसने की जानकारी मिलने के बाद मंगलवार सुबह से ही मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया। जहां सड़क धंसी थी, वहां नीचे से ऊपर तक गिट्टी भरने का काम शाम चार बजे तक पूरा कर लिया गया। पूरे मामले पर जिला प्रशासन की ओर से कोई टिप्पणी नहीं की गई है।
कार्यदायी संस्था के तकनीकी यूनिट हेड प्रतिनिधि राजेश मिश्रा ने बताया कि वह लखनऊ से मौके के लिए रवाना हो गए हैं। उन्होंने आशंका जताई कि 48 घंटे तक हुई बारिश के कारण कोई समस्या आई होगी। उन्होंने कहा कि मरम्मत का काम नियमित प्रक्रिया के तहत चलता रहता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.