बांदा: भीखर देवी मंदिर से अष्टधातु की प्राचीन प्रतिमा चोरी, श्रद्धालुओं में आक्रोश

HIGHLIGHTS
- बांदा के जसपुरा क्षेत्र स्थित भीखर देवी मंदिर से चोर अष्टधातु की प्राचीन प्रतिमा चोरी कर ले गए।
- सुबह पूजा के लिए पहुंचे पुजारी को गर्भगृह में प्रतिमा गायब मिली, जिसके बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
- पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
बांदा के जसपुरा थाना क्षेत्र के रामपुर गांव स्थित भीखर देवी मंदिर से चोर अष्टधातु की प्राचीन प्रतिमा चोरी कर ले गए। रविवार सुबह नियमित पूजा के लिए मंदिर पहुंचे पुजारी ने गर्भगृह में प्रतिमा गायब देखी, जिसके बाद इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और चोरी की घटना पर नाराजगी जताई। ग्रामीणों के मुताबिक, चोरी गई प्रतिमा की कीमत एक लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
मां भीखर देवी सेवा ट्रस्ट के संरक्षक भजन सिंह ने बताया कि शनिवार और रविवार की रात चोर मंदिर के गर्भगृह में दाखिल हुए और अष्टधातु की प्रतिमा लेकर फरार हो गए। सुबह करीब चार बजे पुजारी नरेंद्र पांडे पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो उन्होंने प्रतिमा को गायब पाया। इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जमा हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि मां भीखर देवी मंदिर क्षेत्र की पुरानी धार्मिक धरोहर है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। उनका कहना है कि इससे पहले भी प्रतिमा चोरी करने का प्रयास किया गया था, लेकिन उस समय चोर सफल नहीं हो पाए थे।
ग्रामीणों का आरोप है कि इसके बावजूद मंदिर की सुरक्षा के लिए कोई ठोस इंतजाम नहीं किए गए। घटना की जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी ऋषिदेव मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं, ट्रस्ट के संरक्षक भजन सिंह की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.