अयोध्या मेडिकल कॉलेज में छात्र के पास मिली बम बनाने की पर्ची, सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटीं

HIGHLIGHTS
- छात्र के डिजिटल डिवाइस फोरेंसिक जांच के लिए भेजे गए।
- एटीएस, आईबी और अन्य एजेंसियां मामले की पड़ताल में जुटीं।
- छात्र ने फिल्म देखकर जानकारी लिखने का दावा किया है।
अयोध्या के राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज परिसर में बलरामपुर निवासी पैरामेडिकल छात्र के पास बम बनाने की विधि से जुड़ी हस्तलिखित पर्ची मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। सूत्रों के अनुसार, छात्र के मोबाइल फोन में बम बनाने और ब्लास्ट से संबंधित इंस्टाग्राम की कई रील मिली हैं।
इसके अलावा मोबाइल की इंटरनेट सर्च हिस्ट्री में भी विस्फोट से जुड़ी सामग्री और धमाका करने के तरीकों की जानकारी खोजे जाने की बात सामने आई है। जांच एजेंसियां मामले में टेरर एंगल को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही हैं। छात्र का मोबाइल फोन फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
डिजिटल गतिविधियों की जांच में जुटी एजेंसियां
सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि छात्र ने यह जानकारी केवल इंटरनेट पर खोजी थी या फिर इसके पीछे किसी बड़ी साजिश या किसी संगठित नेटवर्क से जुड़ाव है।
फोरेंसिक जांच के लिए मोबाइल और अन्य डिजिटल उपकरणों की जांच कराई जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि संदिग्ध सामग्री किस माध्यम से हासिल की गई और उसका उद्देश्य क्या था।
सुरक्षा एजेंसियों ने मेडिकल कॉलेज परिसर में छात्र की गतिविधियों के साथ-साथ उसके संपर्क में रहने वाले लोगों की जानकारी भी जुटानी शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल जांच शुरुआती चरण में है। डिजिटल साक्ष्यों, फोरेंसिक रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पाकिस्तानी हैंडलर्स से संपर्क की भी जांच
जांच का एक अहम हिस्सा छात्र की सोशल मीडिया गतिविधियां भी हैं। एजेंसियां उसके सोशल मीडिया अकाउंट, चैट, ऑनलाइन संपर्क और अन्य डिजिटल गतिविधियों की गहन जांच कर रही हैं।
यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं छात्र सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को प्रभावित करने वाले आतंकी शहजाद भट्टी के संपर्क में तो नहीं था या उसके प्रचार से प्रभावित तो नहीं हुआ।
हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। अधिकारी यह भी जांच कर रहे हैं कि छात्र के संबंध किसी आतंकी मॉड्यूल या ऑनलाइन कट्टरपंथी नेटवर्क से जुड़े हैं या नहीं।
मोबाइल और लैपटॉप से मिल सकती है अहम जानकारी
पैरामेडिकल छात्र के पास बम बनाने की विधि से जुड़ी पर्ची मिलने के बाद जांच का दायरा बढ़ गया है। छात्र के मोबाइल और लैपटॉप से इस मामले में कई अहम जानकारियां मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
खुफिया एजेंसियां छात्र और उसके परिवार से जुड़ी जानकारियां भी जुटा रही हैं। एजेंसियां यह पता लगाने में लगी हैं कि पर्ची में लिखी सामग्री केवल किसी फिल्म से देखकर लिखी गई थी या छात्र पहले से ही इस तरह की जानकारी जुटा रहा था।
इसके लिए उसके डिजिटल रिकॉर्ड, संपर्कों और बातचीत से जुड़ी गतिविधियों की जांच की जा रही है।
छात्र को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी
अयोध्या के राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज परिसर में एक्सरे टेक्नीशियन कोर्स के छात्र के पास बम बनाने की प्रक्रिया से संबंधित पर्ची मिलने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने उसका मोबाइल और लैपटॉप जब्त कर लिया है। वहीं, उसके किराये के कमरे को सील कर दिया गया है।
बलरामपुर जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र के पुरैनिया तालाब निवासी 26 वर्षीय छात्र ने अक्टूबर 2025 में मेडिकल कॉलेज में एक्सरे टेक्नीशियन कोर्स में प्रवेश लिया था। उसकी ड्यूटी मेडिकल कॉलेज की लैब में रात के समय थी।
शनिवार सुबह एक्सरे कक्ष से एक हस्तलिखित पर्ची मिली, जिसमें बम बनाने की प्रक्रिया, आकार और इस्तेमाल होने वाले रसायनों का विवरण लिखा था।
मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने सुबह करीब 10:30 बजे पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने कॉलेज के पास स्थित किराये के कमरे से छात्र को हिरासत में लिया।
सूचना मिलने के बाद एटीएस, आईबी, मिलिट्री इंटेलिजेंस और एलआईयू समेत कई जांच एजेंसियां सक्रिय हो गईं। देर शाम तक छात्र से पूछताछ की जाती रही।
छात्र ने फिल्म देखकर पर्ची लिखने का दावा किया
एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि छात्र ने पूछताछ में कहा है कि वह अपने साथियों के साथ एक फिल्म देख रहा था, जिसमें बम बनाने की विधि दिखाई गई थी। उसने उसी जानकारी को कागज पर लिख लिया था।
पुलिस छात्र के इस दावे की भी जांच कर रही है और मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.