बिहार में बड़ा रेल हादसा टला, ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई जनसेवा एक्सप्रेस

HIGHLIGHTS
- लखीसराय के किऊल-जमालपुर रेलखंड पर रामपुर हाल्ट के पास रेलवे क्रॉसिंग पर लकड़ी लदी ट्रैक्टर-ट्राली फंस गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
- भागलपुर-मुजफ्फरपुर जनसेवा एक्सप्रेस के चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाया, लेकिन ट्रेन ट्राली से टकरा गई और इंजन के शीशे व अन्य हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए।
- घटना के बाद ट्रैक्टर चालक फरार हो गया, करीब 45 मिनट तक ट्रेन रुकी रही; रेलवे क्रॉसिंग की खराब स्थिति और गेटमैन की लापरवाही पर सवाल उठे।
लखीसराय। किऊल-जमालपुर रेलखंड पर रामपुर हाल्ट के पास शनिवार को एक बड़ा रेल हादसा टल गया। रेलवे क्रासिंग पर लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्राली फंस गई थी, जिसे देखकर अप भागलपुर-मुजफ्फरपुर जनसेवा एक्सप्रेस के चालक ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगा दिया।
हालांकि, ब्रेक लगाने के बाद भी ट्रेन पूरी तरह रुकने से पहले ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गई। टक्कर की रफ्तार कम होने के कारण किसी यात्री को नुकसान नहीं पहुंचा, लेकिन इंजन का अगला शीशा, हेडलाइट समेत कई हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए।
ट्रैक्टर चालक मौके से फरार
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक घटनास्थल से भाग निकला। टक्कर के बाद जनसेवा एक्सप्रेस रामपुर रेलवे गुमटी के पास करीब 45 मिनट तक खड़ी रही। रेलवे कर्मचारियों ने ट्रैक से ट्रैक्टर-ट्राली हटाने के बाद रेल परिचालन फिर से शुरू कराया। इस दौरान ट्रेन में मौजूद सभी यात्री सुरक्षित रहे।
घटना में रेलवे गेटमैन की लापरवाही की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्राली के रेलवे ट्रैक पर फंसने के बाद भी गेटमैन ने इसकी जानकारी नजदीकी स्टेशन मास्टर या कंट्रोल रूम को नहीं दी। अगर समय रहते सूचना दी जाती तो ट्रेन को पहले ही रोका जा सकता था और इंजन को नुकसान से बचाया जा सकता था।
रेलवे क्रासिंग की खराब हालत बनी परेशानी
रामपुर रेलवे क्रासिंग मुंगेर-लखीसराय एनएच-80 से जुड़ी ग्रामीण सड़क पर स्थित है, जहां से कई गांवों के लोगों का आवागमन होता है। इस रास्ते से बालू और लकड़ी से लदे ट्रैक्टरों की आवाजाही लगातार होती रहती है। क्रासिंग पर बने गड्ढों के कारण भारी वाहनों के पहिए कई बार फंस जाते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई शिकायतों के बावजूद रेलवे क्रासिंग की मरम्मत नहीं कराई गई है। ट्रेन चालक ने बताया कि क्रासिंग पर अचानक ट्राली दिखाई दी, जिसके बाद उन्होंने इमरजेंसी ब्रेक लगाया, लेकिन इसके बावजूद ट्राली से टक्कर हो गई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.