गाजीपुर में ब्रजेश पाठक का बड़ा बयान, बोले- पाकिस्तान ने गड़बड़ी की तो ब्रह्मोस करेगी नेस्तनाबूद

HIGHLIGHTS
- लंका मैदान में तीन दिवसीय निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन किया गया।
- शिविर का आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में किया जा रहा है।
- ब्रजेश पाठक ने गाजीपुर के वीरों और युवाओं के साहस का उल्लेख किया।
गाजीपुर के लंका मैदान में शनिवार को निशुल्क स्वास्थ्य शिविर के उद्घाटन के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि अगर पाकिस्तान ने किसी भी तरह की गड़बड़ी की तो लखनऊ की ब्रह्मोस मिसाइल उसे नेस्तनाबूद कर देगी।
उन्होंने गाजीपुर के इतिहास और यहां के लोगों के साहस का उल्लेख करते हुए कहा कि आजादी की लड़ाई, 1857 की क्रांति और पड़ोसी देशों के साथ हुए संघर्षों में जिले के वीरों ने देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि गाजीपुर के युवाओं और वीरों ने हर चुनौती का मजबूती से सामना किया है।
डिप्टी सीएम ने गुंडे-माफिया को लेकर भी सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि गुंडे-माफिया अपने पुराने दौर को याद कर लें। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को भयमुक्त समाज देने का काम किया है। साथ ही उन्होंने गाजीपुर की जनता को क्षेत्र में जरूरी व्यवस्थाएं जल्द पूरा कराने का भरोसा दिलाया।
लंका मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत तीन दिवसीय निशुल्क वृहद स्वास्थ्य शिविर का दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया गया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर पूरे प्रदेश में आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ अब तक नहीं ले सके जरूरतमंद लोगों को उनसे जोड़ा जा सके।
उन्होंने कहा कि गाजीपुर के लोगों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे स्थानों पर जाने की जरूरत न पड़े, इसके लिए स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया जा रहा है। शिविर में मरीजों की जांच कर रहे डॉक्टरों और मेडिकल टीम के कार्य की भी उन्होंने सराहना की। इस शिविर का आयोजन भाजपा नेता अभिनव सिन्हा की ओर से किया गया है।
कार्यक्रम में शिविर आयोजक अभिनव सिन्हा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय, जिला प्रभारी अजीत चौबे, राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, नपा अध्यक्ष सरिता अग्रवाल और जिला पंचायत प्रशासक सपना सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.