कांग्रेस लूट करती है, सपा डकैती डालती है: सीएम योगी

HIGHLIGHTS
- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाराबंकी के लोधेश्वर महादेव धाम में जलाभिषेक कर महादेवा कॉरिडोर की आधारशिला रखी।
- सीएम योगी ने दरियाबाद में 550 करोड़ रुपये की लागत वाली 82 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
- जनसभा में मुख्यमंत्री ने सपा पर निशाना साधते हुए कानून-व्यवस्था, विकास और धार्मिक स्थलों की अनदेखी को लेकर सवाल उठाए।
बाराबंकी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बाराबंकी के रामनगर स्थित प्रसिद्ध लोधेश्वर महादेव धाम पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया और पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने लोधेश्वर महादेवा कॉरिडोर की आधारशिला रखी। वहीं, दरियाबाद में आयोजित जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 550 करोड़ रुपये की लागत वाली 82 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग प्रदेश की विरासत का विरोध करते हैं, वही विकास के भी सबसे बड़े विरोधी हैं।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के मामले में हमेशा उदासीन रही है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार के समय महिलाओं की सुरक्षा बड़ी चुनौती थी और लोग आज भी उस दौर को भूले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि "देख सपाई, बिटिया घबराई" केवल एक नारा नहीं बल्कि पिछली सरकारों की कार्यशैली को दर्शाता है।
कांग्रेस पर लूट और सपा पर डकैती का लगाया आरोप
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस लूट करने वाली पार्टी है, जबकि समाजवादी पार्टी डकैती डालने वाली पार्टी है। उन्होंने लोगों से इनसे सतर्क रहने की अपील की।
उन्होंने कहा कि देश 1947 में आजाद हो गया था, लेकिन महादेव धाम तक विकास की रोशनी नहीं पहुंच पाई। वर्षों तक इस क्षेत्र के विकास की अनदेखी की गई। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सपा सरकारें कब्रिस्तानों की बाउंड्रीवाल बनाने में लगी रहीं, लेकिन लोधेश्वर महादेव धाम के विकास की चिंता नहीं की।
मुख्यमंत्री ने बाराबंकी के प्रसिद्ध हॉकी खिलाड़ी केडी सिंह 'बाबू' का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने देश को ओलंपिक में गौरव दिलाया, लेकिन उनकी हवेली तक बिकने की स्थिति आ गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सपा सरकारों ने इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया।
उत्तर प्रदेश में बदली कानून व्यवस्था की तस्वीर: योगी
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की कानून व्यवस्था और औद्योगिक विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के शासन में तमंचे और कट्टे बनते थे, जबकि आज उत्तर प्रदेश में लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है। उन्होंने इसे प्रदेश में बदली हुई स्थिति और बेहतर कानून व्यवस्था का परिणाम बताया।
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने इसका शिलान्यास तो किया था, लेकिन परियोजना की अनुमानित लागत 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक बताई गई थी। उनकी सरकार ने प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृतियों की दोबारा समीक्षा कराई, जिसके बाद करीब 11,500 करोड़ रुपये में ही इसका निर्माण पूरा कराया गया। उन्होंने कहा कि इससे हजारों करोड़ रुपये की सरकारी धनराशि की बचत हुई और प्रदेश को बेहतर एक्सप्रेसवे मिला।
महादेवा कॉरिडोर से धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने बाराबंकी की भौगोलिक और धार्मिक महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि जिले के एक ओर राजधानी लखनऊ और दूसरी ओर धर्मनगरी अयोध्या है। उन्होंने कहा कि यहां के लोगों के "दोनों हाथों में लड्डू" हैं।
उन्होंने कहा कि लोधेश्वर महादेवा कॉरिडोर बनने से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और स्थानीय रोजगार के साथ अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। हेलीपैड से लेकर मंदिर और जनसभा स्थल तक बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी समेत अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं की गई थीं। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक बैठक भी की।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.