गोरखपुर में 30 हजार लीटर एथेनॉल से भरा टैंकर पलटा, आग के खतरे से मचा हड़कंप; हाईवे बंद

HIGHLIGHTS
- टैंकर में करीब 30 हजार लीटर एथेनॉल था
- चालक मुस्लिम अली को सुरक्षित बाहर निकाला गया
- फायर ब्रिगेड ने टैंकर को पानी डालकर ठंडा रखा
गोरखपुर। एथेनॉल से भरा एक टैंकर शुक्रवार दोपहर कालेसर-जगदीशपुर फोरलेन पर अनियंत्रित होकर पलट गया। टैंकर में करीब 30 हजार लीटर एथेनॉल होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने लखनऊ की ओर जाने वाली लेन पर वाहनों की आवाजाही बंद करा दी।
टैंकर से रिसाव के कारण आग लगने की आशंका को देखते हुए फायर ब्रिगेड की टीम ने टैंकर के सीधा होने तक उस पर लगातार पानी की धार डालकर उसे ठंडा रखा। एहतियात के तौर पर टैंकर के आसपास मोबाइल फोन ले जाने पर रोक लगा दी गई और बिजली आपूर्ति भी बंद करा दी गई।
हादसा शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे बाघागाड़ा से लगभग 200 मीटर पश्चिम, तेनुआ टोल प्लाजा की ओर हुआ। टैंकर संख्या NL 01 AH 3024 का चालक असम के पुरानी विजनी सिरांग निवासी 29 वर्षीय मुस्लिम अली गुवाहाटी से एथेनॉल लेकर शाहजहांपुर जा रहा था। इसी दौरान अचानक नियंत्रण खोने से तेज रफ्तार टैंकर सड़क किनारे पलट गया।
हादसे के बाद चालक टैंकर में फंस गया था। पुलिस ने उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। ज्वलनशील पदार्थ से भरे टैंकर के पलटने की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों के लोग भी मौके पर पहुंच गए। गीडा थाना पुलिस ने तत्काल सुरक्षा घेरा बनाकर सभी लोगों को घटनास्थल से दूर कर दिया।
पुलिसकर्मी लगातार लोगों को टैंकर के पास नहीं जाने की चेतावनी देते रहे। वहीं फायर ब्रिगेड की टीम ने टैंकर पर लगातार पानी डालना शुरू कर दिया। ज्वलनशील एथेनॉल की वजह से तापमान बढ़ने और आग लगने की आशंका को देखते हुए टैंकर को ठंडा रखना जरूरी था। फायरकर्मी लगातार इस काम में लगे रहे। शाम पांच बजे लखनऊ की ओर जाने वाली लेन पर वाहनों का आवागमन रोक दिया गया।
हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के सेफ्टी सुपरवाइजर बुजेश सिंह, टेक्निकल इंचार्ज सुरेंद्र नाथ और सेफ्टी सुपरवाइजर हरीमोहन भी घटनास्थल पर पहुंचे। टीम ने टैंकर की स्थिति का निरीक्षण किया और संभावित रिसाव को देखते हुए सुरक्षा इंतजामों की निगरानी की।
हादसे की जानकारी मिलते ही अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) जयप्रकाश, एसडीएम सदर ज्ञान प्रताप सिंह और गीडा इंस्पेक्टर अश्वनी कुमार पांडेय भी मौके पर पहुंच गए। प्रशासन, पुलिस, फायर ब्रिगेड और एचपीसीएल की टीमें घटनास्थल पर मौजूद रहीं। पुलिस के अनुसार, चालक के नशे की हालत में होने की बात सामने आई है और उसे निगरानी में रखा गया है।
प्रभारी निरीक्षक गीडा अश्वनी पांडेय ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। फायर ब्रिगेड और एचपीसीएल की टीम की सहायता से सुरक्षा और बचाव कार्य कराया जा रहा है। स्थिति नियंत्रण में है और हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। रात 10 बजे तक स्थिति सामान्य होने की संभावना है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.