ग्रेटर नोएडा में चलती स्लीपर बस में लगी भीषण आग, 9 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत

HIGHLIGHTS
- हादसा बुधवार देर रात करीब 12 बजे यमुना एक्सप्रेसवे पर हुआ।
- बस दिल्ली से बिहार जा रही थी और 33-किमी माइलस्टोन के पास पहुंची थी।
- बस में करीब 30-35 यात्री मौजूद होने की जानकारी एफआईआर में दी गई है।
- यात्री सुनील कुमार ने मामले में एफआईआर दर्ज कराई है।
ग्रेटर नोएडा: गौतमबुद्धनगर जिले के ग्रेटर नोएडा में बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। यमुना एक्सप्रेसवे पर जेवर एयरपोर्ट के पास चलती टूरिस्ट बस में अचानक आग लग गई। हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हादसे का संज्ञान लिया है।
जानकारी के मुताबिक, हादसा रात करीब 12 बजे हुआ। बस नोएडा से लगभग 34 किलोमीटर आगे पहुंची थी, तभी उसमें आग लग गई। आग लगने की जानकारी मिलते ही यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। कुछ यात्रियों ने बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, लेकिन कुछ ही समय में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान कई यात्री बस के अंदर फंस गए।
भीषण आग में नौ यात्रियों की जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। बस को धू-धूकर जलता देखकर यमुना एक्सप्रेसवे से गुजर रहे दूसरे वाहन चालकों में भी हड़कंप मच गया।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बस आग की लपटों से घिरी दिखाई दे रही है। सूचना मिलने के बाद जेवर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस के मुताबिक, बस में आग किस वजह से लगी, इसका अभी पता नहीं चल सका है। मामले की जांच जारी है।
यात्री सुनील कुमार पुत्र बद्रीप्रसाद, निवासी मोहल्ला खुशीपुरा, थाना राठ, जिला हमीरपुर ने मामले में एफआईआर दर्ज कराई है। सुनील कुमार के अनुसार, वह दिल्ली के कश्मीरी गेट से राज कल्पना ट्रेवल्स की बस रजि. नं. BR32PA8647 से राठ जाने के लिए सवार हुए थे। उनके मुताबिक, बस में करीब 30-35 यात्री मौजूद थे।
यात्री ने लगाए गंभीर आरोप
सुनील कुमार के मुताबिक, रात करीब 23.30 बजे बस नोएडा से आगरा जाने वाले यमुना एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर 33 के पास पहुंची। इसी दौरान बस के केबिन से जलने की बदबू आने लगी। बस में मौजूद कुछ यात्रियों ने इसकी जानकारी चालक और परिचालक को दी, लेकिन आरोप है कि चालक ने इस गंभीर स्थिति को नजरअंदाज कर दिया।
आरोप है कि चालक ने बस को तुरंत रोककर उसकी जांच नहीं की। चालक और परिचालक अपने केबिन में बीड़ी/सिगरेट पीते रहे। कुछ ही देर बाद ड्राइवर की सीट के पास से अचानक तेज आग की लपटें निकलने लगीं। आग फैलने के बाद नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हुए।
सीएम योगी ने लिया हादसे का संज्ञान
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रेटर नोएडा में हुई सड़क दुर्घटना का संज्ञान लिया। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों से बात की और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
राष्ट्रपति मुर्मू ने जताया दुख
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश के यमुना एक्सप्रेसवे पर बस में आग लगने से हुई मौतों पर दुख जताया। उन्होंने इसे बेहद दुखद बताया और पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। राष्ट्रपति ने हादसे में घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार तड़के ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर एक स्लीपर बस में आग लगने से नौ यात्रियों की मौत हुई। यह घटना उस समय हुई जब बस दिल्ली से बिहार जा रही थी और जेवर थाना क्षेत्र में 33-किमी माइलस्टोन के पास पहुंची थी।
राष्ट्रपति मुर्मू ने 'X' पर हिंदी में पोस्ट कर कहा, "उत्तर प्रदेश में यमुना एक्सप्रेसवे पर बस में आग लगने से लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है। मैं पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं। मैं इस हादसे में घायल हुए लोगों के जल्द ठीक होने की कामना करती हूं।"
राजनाथ सिंह ने भी जताया दुख
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी ग्रेटर नोएडा में हुए बस हादसे पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में आग लगने से यात्रियों की मृत्यु अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है।
राजनाथ सिंह ने हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि ईश्वर शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
पीएम मोदी ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ग्रेटर नोएडा में हुए हादसे पर संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में बस में आग लगने की घटना में हुई मौतों के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। उन्होंने अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की।
प्रधानमंत्री ने बताया कि मृतकों के परिजनों को PMNRF से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं, घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।






















Comments are closed for this article.