जल्द रिहा होंगे गुरनाम सिंह चढ़ूनी, किसानों की दो मांगों पर हरियाणा सरकार ने दिया आश्वासन

HIGHLIGHTS
- हरियाणा कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा और किसान नेता सरवन सिंह पंधेर के बीच हुई बैठक में किसानों की दो प्रमुख मांगों पर चर्चा हुई।
- सरकार ने गुरनाम सिंह चढ़ूनी की जल्द रिहाई और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से किसानों की बैठक कराने का आश्वासन दिया।
- भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में दिल्ली कूच कर रहे किसानों को शंभू बॉर्डर पर पुलिस ने रोका, जिसके बाद प्रदर्शन जारी रहा।
चंडीगढ़। किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा से मुलाकात कर किसानों की मांगों को लेकर चर्चा की। इस बैठक में अंबाला के डीसी भी मौजूद रहे। बातचीत के दौरान मंत्री ने किसानों का मांग पत्र लिया, जिसमें दो प्रमुख मांगें रखी गई थीं।
किसानों की पहली मांग गुरनाम सिंह चढूनी की रिहाई को लेकर थी, जबकि दूसरी मांग केंद्रीय कृषि मंत्री के साथ किसानों की बैठक कराने की थी। श्याम सिंह राणा की ओर से दोनों मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया गया।
हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने बताया कि सरकार ने किसानों की दोनों मांगों पर सहमति जताई है। उन्होंने गुरनाम सिंह चढूनी को जल्द रिहा करने और एक सप्ताह के भीतर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान से किसानों की मुलाकात कराने का आश्वासन दिया।
केंद्रीय मंत्री से बैठक का मिला भरोसा
किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि कृषि मंत्री ने उनका मांग पत्र स्वीकार कर लिया है। उन्होंने बताया कि जब केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ बैठक कराने की मांग रखी गई तो मंत्री ने जरूरी व्यवस्था करने की बात कही।
पंधेर के अनुसार, मंत्री ने भरोसा दिलाया है कि उनका कार्यालय 8 से 10 दिनों के भीतर बैठक की पुष्टि करते हुए पत्र भेजेगा। इसके बाद बातचीत आगे बढ़ाई जाएगी।
ट्रेड डील के विरोध में दिल्ली कूच कर रहे किसान
मंगलवार को भारत-अमेरिका के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में पंजाब के किसान दिल्ली के लिए रवाना हुए। शंभू बॉर्डर पर बड़ी संख्या में पहुंचे किसानों को हरियाणा पुलिस ने रोक दिया।
इससे पहले सोमवार रात से ही किसान फतेहगढ़ साहिब और खनौरी में जुटना शुरू हो गए थे। मंगलवार सुबह करीब छह बजे किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा के संयोजक सरवन सिंह पंधेर के नेतृत्व में किसान बसों, जीप, मिनी बसों और निजी वाहनों से दिल्ली के लिए रवाना हुए।
हरियाणा पुलिस ने सुबह साढ़े पांच बजे ही शंभू बॉर्डर पर हाईवे पर बैरिकेड लगा दिए थे, जिसके चलते दोनों ओर से आवाजाही बंद कर दी गई।
टकराव नहीं चाहते किसान: पंधेर
सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि किसान किसी तरह का टकराव नहीं चाहते। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा शंभू बॉर्डर बंद किए जाने से आम लोगों को परेशानी होगी, जिसका उन्हें खेद है।
उन्होंने कहा कि यदि किसानों को शंभू बॉर्डर से आगे जाने की अनुमति नहीं दी जाती है तो वे वहीं सड़क पर शाम चार बजे तक शांतिपूर्ण धरना देंगे।
कई किसान नेताओं को लिया गया हिरासत में
कुरुक्षेत्र के पिहोवा से गुरनाम सिंह चढूनी, शाहाबाद से राकेश बैंस और कृष्ण कलाल माजरा को हिरासत में लिया गया। इसके अलावा कैथल के पूंडरी से विक्रम कसाना और गुरनाम फरल, जबकि सिरसा के डबवाली से गुरमेल सिंह और भूपेंद्र सिंह वैदवाला को भी हिरासत में लिया गया।
ट्रेड डील के विरोध की वजह
किसान भारत-अमेरिका के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील का विरोध कर रहे हैं। किसानों को आशंका है कि इस समझौते के बाद अमेरिका से सस्ते सोयाबीन, ड्राय फ्रूट्स, डेयरी उत्पाद और अनाज भारतीय बाजार में आ सकते हैं।
किसानों का कहना है कि इससे छोटे किसानों, मजदूरों और स्थानीय व्यापारियों को नुकसान हो सकता है। इसी आशंका को लेकर किसान इस समझौते का विरोध कर रहे हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.