INS कोलकाता-PNS हुनैन टक्कर पर भारत का पलटवार, पाकिस्तान के आरोपों को किया खारिज

HIGHLIGHTS
- अरब सागर में 15 सितंबर को दोनों नौसैनिक पोतों की टक्कर हुई।
- भारत ने PNS हुनैन के तेज गति से आने का दावा किया।
- भारत के मुताबिक INS कोलकाता को कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
नई दिल्ली। अरब सागर में भारतीय और पाकिस्तानी नौसेना के जहाजों के बीच हुई टक्कर को लेकर दोनों देशों के बीच राजनयिक तनाव बढ़ गया है। INS कोलकाता और पाकिस्तानी नौसैनिक पोत PNS हुनैन के बीच हुई इस घटना पर भारत ने पाकिस्तान की ओर से लगाए गए आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को पाकिस्तान पर सच्चाई छिपाने और टालमटोल वाला रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना में INS कोलकाता को कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है और युद्धपोत पूरी तरह सुरक्षित है।
भारत ने पाकिस्तान के आरोपों को किया खारिज
रणधीर जायसवाल ने कहा, "हाल ही में भारत और पाकिस्तान के बीच कुछ घटनाएं हुई हैं, जिनके संबंध में मैं कुछ तथ्य स्पष्ट करना चाहता हूं। हमने अपने विरोध पर पाकिस्तान की प्रतिक्रिया देखी है। हमेशा की तरह उनका जवाब टालमटोल वाला और सच्चाई को छिपाने का एक प्रयास है, जिसकी उनसे उम्मीद भी थी। हम अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "आईएनएस (INS) कोलकाता पश्चिमी अरब सागर में रूटीन तैनाती पर था। इसी दौरान पाकिस्तानी नौसेना के पोत पीएनएस (PNS) हुनैन ने समुद्र में गैर-पेशेवर और अस्वीकार्य व्यवहार किया, जिसके कारण यह टक्कर हुई।"
जायसवाल के अनुसार, PNS हुनैन की ओर से खतरनाक तरीके से ओवरटेक करने का प्रयास अप्रैल 1991 में भारत और पाकिस्तान के बीच 'सैन्य अभ्यासों, युद्धाभ्यासों व सैन्य आवाजाही की अग्रिम सूचना' से संबंधित समझौते के अनुच्छेद 10 का गंभीर उल्लंघन था। उन्होंने कहा कि इस अनुच्छेद में समुद्र में नौसैनिक इकाइयों के बीच कम से कम तीन नॉटिकल मील की दूरी बनाए रखने का स्पष्ट निर्देश है।
कब हुई थी टक्कर?
गौरतलब है कि बीते 15 सितंबर को INS कोलकाता अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में नियमित तैनाती पर था। इसी दौरान PNS हुनैन ने खतरनाक तरीके से ओवरटेक करने की कोशिश की, जिसके बाद दोनों पोतों के बीच टक्कर हुई।
हालांकि, पाकिस्तान ने भारत के इस दावे को खारिज किया है। पाकिस्तान का आरोप है कि भारतीय युद्धपोत ने उसके नौसैनिक पोत के करीब आकर आक्रामक युद्धाभ्यास किया।
दोनों देशों ने दर्ज कराया राजनयिक विरोध
पाकिस्तान ने दावा किया है कि यह घटना उसके विशेष आर्थिक क्षेत्र में सीस्पार्क-26 नौसैनिक अभ्यास के दौरान हुई। घटना के बाद भारत और पाकिस्तान दोनों ने राजनयिक विरोध दर्ज कराया।
भारत का कहना है कि टक्कर से पहले PNS हुनैन तेज गति से INS कोलकाता के करीब आया था। भारत ने इस कार्रवाई को द्विपक्षीय समझौते के साथ-साथ समुद्र में टक्कर रोकने के लिए लागू अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन बताया है।
भारत ने यह भी कहा है कि इस घटना में INS कोलकाता को कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। खबरों के अनुसार, PNS हुनैन को नुकसान पहुंचा और इसके बाद वह बंदरगाह लौट गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.