दांतों से 10 क्विंटल की कार खींच रहा यह कांवड़िया, वजह जानकर रह जाएंगे हैरान

HIGHLIGHTS
- अलीगढ़ का 25 वर्षीय युवक दांतों से करीब 10 क्विंटल वजनी कार खींचते हुए कांवड़ यात्रा पर निकला।
- कार पर 11 लीटर गंगाजल और भगवान शिव की प्रतिमा रखी गई है।
- हरिद्वार से शुरू हुई यात्रा 10 अगस्त तक गांव पहुंचने के लक्ष्य के साथ जारी।
अलीगढ़। भगवान शिव के प्रति अपनी गहरी आस्था का अनोखा उदाहरण पेश करते हुए जट्टारी क्षेत्र के गांव छजूपुर निवासी 25 वर्षीय नरेंद्र चौधरी उर्फ टिकना दांतों से कार खींचते हुए कांवड़ यात्रा कर रहे हैं। कार पर भगवान शिव की प्रतिमा और 11 लीटर गंगाजल रखा गया है। कार और प्रतिमा का कुल वजन करीब 10 क्विंटल बताया जा रहा है।
नरेंद्र ने बताया कि उन्होंने 10 जुलाई को हरिद्वार से अपनी यात्रा शुरू की थी और 10 अगस्त तक गांव पहुंचने का लक्ष्य रखा है। इसके बाद सावन के दूसरे सोमवार को गांव स्थित प्राचीन अंडारेश्वर महादेव मंदिर में 11 लीटर गंगाजल से भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। बृहस्पतिवार शाम तक वह जेवर एयरपोर्ट क्षेत्र पार कर चुके थे।
उन्होंने बताया कि इस यात्रा के जरिए वह गोमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने और भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित करने की मांग लोगों तक पहुंचाना चाहते हैं। उनकी यात्रा के वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहे हैं।
गांव के अन्य युवक भी कर रहे हैं कांवड़ यात्रा
नरेंद्र के साथ गांव के हरिओम शर्मा, मोना बाबा, शंकर दादा, जगत जाट और कालू भी कंधों पर 41 लीटर गंगाजल लेकर कांवड़ यात्रा में शामिल हैं।
नरेंद्र ने बताया कि करीब आठ महीने पहले उन्होंने 50 किलो चीनी की बोरी को दांतों से खींचने का अभ्यास शुरू किया था। इसके बाद उन्होंने ट्रैक्टर, ट्रक और एक साथ छह वाहनों तक को दांतों से खींचने का दावा किया। मई महीने में वह अपने गांव से वृंदावन तक भी कार को दांतों से खींचते हुए संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए पहुंचे थे।
उन्होंने बताया कि पिता के निधन के बाद से वह अपने परिवार की पैतृक खेती की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.