कौशांबी: स्कूल में चाकू-चापड़ लेकर पहुंचीं महिला प्रधानाचार्य, बच्चों में मची दहशत; निलंबित

HIGHLIGHTS
- कौशांबी के सैनी कोतवाली क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय लुकिया डोरमा में महिला प्रधानाचार्य चाकू और चापड़ लेकर पहुंचीं, जिससे बच्चों और शिक्षकों में डर का माहौल बन गया।
- घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी ने इंचार्ज प्रधानाचार्य शिखा सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
- सहायक शिक्षक की तहरीर पर पुलिस ने महिला प्रधानाचार्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कौशांंबी: सैनी कोतवाली क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय लुकिया डोरमा में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब इंचार्ज महिला प्रधानाचार्य हाथों में चाकू और चापड़ लेकर विद्यालय पहुंच गईं। इस घटना से स्कूल में मौजूद बच्चे और शिक्षक डर गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कार्रवाई करते हुए महिला प्रधानाचार्य को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। वहीं, सहायक शिक्षक की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, इंचार्ज महिला प्रधानाध्यापिका शिखा सिंह शुक्रवार सुबह हाथों में चाकू-चापड़ लेकर प्राथमिक विद्यालय पहुंचीं। उन्हें इस स्थिति में देखकर विद्यालय के बच्चे घबरा गए और परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शिक्षकों का आरोप है कि उन्होंने चाकू दिखाकर डराने का प्रयास किया। घटना का वीडियो बनाए जाने के दौरान वह जोर-जोर से चिल्लाने लगीं।
बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए शिक्षकों ने उन्हें विद्यालय से हटाकर पास के आंगनबाड़ी केंद्र में पहुंचा दिया। मामले की सूचना मिलने के बाद महिला उपनिरीक्षक लक्ष्मी सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने महिला प्रधानाचार्य को समझाकर उनके पास मौजूद चाकू और चापड़ अपने कब्जे में ले लिया।
बीएसए ने तत्काल प्रभाव से किया निलंबित
खंड शिक्षा अधिकारी नीरज उमराव ने बताया कि परिजनों से बातचीत के दौरान महिला प्रधानाध्यापिका की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की जानकारी सामने आई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. कमलेंद्र कुशवाहा ने शिखा सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
वहीं, सहायक अध्यापक विकास सिंह की तहरीर के आधार पर सैनी पुलिस ने शिखा सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.