लखनऊ: फार्मास्युटिकल कंपनी के ऑफिस में लगी भीषण आग, एसी के शॉर्ट सर्किट से हुआ हादसा

HIGHLIGHTS
- लखनऊ के जानकीपुरम में फार्मास्युटिकल कंपनी के ऑफिस में एसी शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लगी।
- दमकल टीम ने करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, कोई जनहानि नहीं हुई।
- आग में ऑफिस का अधिकांश सामान जलकर नष्ट हुआ, शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट कारण बताया गया।
लखनऊ के जानकीपुरम सेक्टर-एफ स्थित एक फार्मास्युटिकल कंपनी के कॉरपोरेट ऑफिस में गुरुवार सुबह एसी में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पूरे ऑफिस को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलने पर बीकेटी अग्निशमन केंद्र से पहुंची दमकल टीम ने करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन ऑफिस का ज्यादातर सामान जलकर नष्ट हो गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी बीकेटी प्रशांत कुमार के मुताबिक, सुबह 9:34 बजे बी-2/22, सेक्टर-एफ, इंजीनियरिंग कॉलेज के पास स्थित बिल्डिंग में आग लगने की सूचना मिली। एफएसओ प्रशांत कुमार के नेतृत्व में दो फायर टेंडर मौके पर भेजे गए। आग बिल्डिंग के भूतल पर स्थित ऑफिस में लगी थी। दमकल कर्मियों ने गेट पर लगे शीशे को तोड़कर अंदर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया और जल्द ही आग पर नियंत्रण पा लिया।
गोमतीनगर निवासी नीलम महरोत्रा ने बताया कि उनके पास फार्मास्युटिकल कंपनी अकॉस्ट्स रेमेडीज की एजेंसी है। कंपनी का मुख्य कार्यालय और गोदाम ट्रांसपोर्ट नगर में है, जबकि जानकीपुरम सेक्टर-एफ में नीलम इंटरप्राइजेज के नाम से कॉरपोरेट ऑफिस संचालित है।
उन्होंने बताया कि गुरुवार सुबह करीब नौ बजे सफाईकर्मी खुशबू ऑफिस पहुंची थी। एसी चालू करने के बाद वह सफाई कर रही थी, तभी तेज आवाज के साथ एसी से धुआं निकलने लगा। स्थिति को देखते हुए खुशबू तुरंत ऑफिस से बाहर आ गई और नीलम को फोन कर जानकारी दी। नीलम ने उसे सभी एमसीबी बंद कर बाहर रहने को कहा और दमकल विभाग को सूचना दी।
अग्निशमन विभाग की तत्परता से आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया, जिससे आसपास की इमारतों तक आग फैलने से बच गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह एसी में हुआ शॉर्ट सर्किट सामने आई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.