आकाश आनंद को लेकर मायावती ने तोड़ी चुप्पी, सोशल मीडिया की चर्चाओं को बताया भ्रम

HIGHLIGHTS
- मायावती ने यूपी चुनाव उम्मीदवारों को लेकर स्थिति स्पष्ट की।
- आकाश आनंद को लेकर चल रही चर्चाओं को बताया निराधार।
- बसपा ने चुनावी तैयारियों और संगठन पर तेज किया काम।
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद की भूमिका को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं पर अपनी स्थिति साफ कर दी है। उन्होंने कहा कि यूपी विधानसभा चुनाव के उम्मीदवारों का अंतिम निर्णय वही कर रही हैं और अब तक दो दर्जन से अधिक उम्मीदवारों के नाम तय किए जा चुके हैं।
मायावती ने बताया कि चुनाव तैयारियों को लेकर लखनऊ स्थित बसपा प्रदेश कार्यालय में उनके द्वारा कई राज्य स्तरीय बैठकें की जा चुकी हैं। इन बैठकों में प्रदेश और मंडल स्तर के पदाधिकारियों को उम्मीदवार चयन को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों के इंटरव्यू समेत अन्य प्रक्रियाओं के बाद अब तक 20 से ज्यादा प्रत्याशियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। आगे भी सभी विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों का फैसला उनके स्तर से ही किया जाएगा।
आकाश आनंद को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप
मायावती ने कहा कि आकाश आनंद को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की बातें फैलाई जा रही हैं, जिनमें कोई सच्चाई नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विधानसभा और लोकसभा चुनावों में उम्मीदवारों को अंतिम रूप देने का अधिकार उनके पास ही रहता है।
उन्होंने बताया कि जिन सीटों पर उम्मीदवारों का चयन हो चुका है, वहां उनकी अनुमति से पार्टी के वरिष्ठ नेता जनसभाएं कर प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर रहे हैं। इसी प्रक्रिया के तहत आकाश आनंद भी कुछ सीटों पर जनसभाओं के जरिए उम्मीदवारों की घोषणा करेंगे।
‘आकाश आनंद अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभा रहे’
बसपा प्रमुख ने कहा कि पिछले करीब एक साल से आकाश आनंद को देशभर में संगठन की समीक्षा बैठकों और जनसभाओं के लिए भेजा जा रहा है। हाल में जिन राज्यों में विधानसभा चुनाव हुए, वहां भी उनके निर्देश पर आकाश आनंद ने पार्टी की चुनावी सभाएं कीं।
उन्होंने कहा कि आकाश आनंद अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभा रहे हैं।
मायावती ने लखनऊ में 9 अक्टूबर 2025 को कांशीराम की पुण्यतिथि पर आयोजित बसपा की महारैली का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में आकाश आनंद को संबोधन का मौका दिया गया था। लोकसभा चुनाव के दौरान भी उन्हें उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों में पार्टी की चुनावी जनसभाओं के लिए भेजा गया था।
‘पार्टी की सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा’
मायावती ने कहा कि यूपी की कुछ सीटों पर आकाश आनंद द्वारा उम्मीदवारों की घोषणा के लिए जनसभाएं करना पार्टी की सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा है। इसका उनके राजनीतिक कद को बढ़ाने या घटाने और उम्मीदवार चयन से कोई संबंध नहीं है।
उन्होंने बसपा कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया पर आकाश आनंद को लेकर चल रही चर्चाओं से सतर्क रहने की अपील की। मायावती ने कहा कि पार्टी के लोगों को ऐसे ‘शरारती और जातिवादी तत्वों’ से सावधान रहना चाहिए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.