यूपी में मानसून हुआ सक्रिय, 33 जिलों में अतिभारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी

HIGHLIGHTS
- उत्तर प्रदेश में मानसून सक्रिय, रविवार को कई जिलों में तेज बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
- मौसम विभाग ने सोमवार के लिए 33 जिलों में अतिभारी बारिश और वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
- बाराबंकी में सबसे ज्यादा 118.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई, अगले तीन से चार दिनों तक बारिश जारी रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश में रविवार को मानसून ने रफ्तार पकड़ ली। पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश दोनों क्षेत्रों में बारिश का दायरा बढ़ गया और कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। लगातार हो रही बारिश के चलते प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार के लिए प्रदेश के 33 जिलों में गरज-चमक के साथ अतिभारी बारिश और वज्रपात को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, 34 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
कई जिलों में हुई भारी बारिश
रविवार को पूर्वांचल, तराई और बुंदेलखंड के कई जिलों में तेज बारिश हुई। बाराबंकी में सबसे अधिक 118.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके बाद बांदा में 85.6 मिमी, श्रावस्ती में 79.4 मिमी, हमीरपुर में 70 मिमी और रामपुर में 68.9 मिमी वर्षा दर्ज की गई। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले तीन से चार दिनों तक प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर तेज बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की स्थिति भी बन सकती है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, कानपुर देहात, अयोध्या, अम्बेडकरनगर, सहारनपुर, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, जालौन और आसपास के क्षेत्रों में अतिभारी बारिश व वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.