मुरादाबाद में दर्दनाक हादसा, लकड़ी का पुल टूटने से नदी में गिरे पांच लोग; महिला की मौत

HIGHLIGHTS
- रक्षाबंधन पर परिवार नानपुर स्थित ससुराल से घर लौट रहा था
- शाम करीब साढ़े छह बजे मलकद्दा पुल पर हुआ हादसा
- पुल की तीन लकड़ियां टूटने से बाइक हुई अनियंत्रित
मुरादाबाद। रक्षाबंधन के दिन भाई को राखी बांधने के बाद पति और तीन बच्चों के साथ घर लौट रही महिला के परिवार के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। मलकद्दा के अस्थायी लकड़ी के पुल के टूटने से बाइक सवार पांचों लोग बाइक समेत गागन नदी में जा गिरे।
आसपास मौजूद लोगों ने महिला के पति अनिल जाटव, बेटे केशव और बेटी काफिया को नदी से बाहर निकाल लिया। वहीं, महिला किरन और उसका बेटा प्रियांशु पानी के तेज बहाव में बह गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और एनडीआरएफ की मदद से मां-बेटे की तलाश शुरू की। करीब दो घंटे बाद गोताखोरों ने महिला का शव नदी से बाहर निकाल लिया, जबकि मासूम प्रियांशु की तलाश जारी रही।
छजलैट थाना क्षेत्र के गांव महमूदपुर निवासी अनिल मजदूरी करते हैं। उनके परिवार में पत्नी किरन, बेटे प्रियांशु और केशव तथा बेटी काफिया हैं। रक्षाबंधन के अवसर पर अनिल पत्नी और बच्चों के साथ कुंदरकी क्षेत्र के नानपुर गांव स्थित अपनी ससुराल गए थे। भाई को राखी बांधने के बाद पूरा परिवार शाम करीब साढ़े छह बजे बाइक से घर वापस लौट रहा था।
मझोला क्षेत्र में गागन नदी पर बने मलकद्दा पुल से गुजरते समय लकड़ी के पुल की तीन लकड़ियां टूट गईं। इससे बाइक अनियंत्रित हो गई और पूरा परिवार बाइक समेत गागन नदी में गिर गया। हादसे के समय वहां से गुजर रहे लोगों की नजर घटना पर पड़ी। वे तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।
मौके पर पहुंची एनडीआरएफ की टीम
लोगों की मदद से अनिल, काफिया और केशव को नदी से बाहर निकाल लिया गया। वहीं किरन और प्रियांशु पानी के बहाव के साथ बह गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने पास के मलकद्दा गांव से गोताखोरों को बुलाकर मां-बेटे की तलाश शुरू कराई। अंधेरा होने के कारण राहत और बचाव अभियान में परेशानी आ रही थी।
टॉर्च की रोशनी में करीब दो घंटे तक तलाश करने के बाद गोताखोरों ने किरन को खोज निकाला। उसे जिला अस्पताल भेजा गया। इसके बाद एनडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
मासूम प्रियांशु की तलाश देर रात तक जारी रही। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि बाइक पुल से अनियंत्रित होकर नीचे गिर गई थी। हादसे में महिला की मौत हुई है, जबकि तीन लोगों को बचा लिया गया। मासूम की तलाश के लिए टीमें लगातार अभियान चला रही हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.