यूपी में 62 हजार सरकारी नौकरियों का रास्ता साफ, 2026 में बड़े पैमाने पर होंगी भर्तियां

HIGHLIGHTS
- यूपी में दिसंबर 2026 तक करीब 62 हजार सरकारी नौकरियों पर भर्ती की संभावना।
- शिक्षा सेवा चयन आयोग और लोक सेवा आयोग ने भर्ती प्रक्रिया तेज की।
- शिक्षक, प्राचार्य, प्रवक्ता समेत विभिन्न पदों पर जल्द जारी होंगे विज्ञापन।
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग और उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग वर्ष 2026 में बड़े स्तर पर भर्ती प्रक्रिया संचालित करने जा रहे हैं। दिसंबर तक करीब 62 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी मिलने की संभावना है। चुनावी वर्ष को देखते हुए दोनों आयोगों ने अप्रैल से दिसंबर 2026 के बीच लगभग एक लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में 111 प्राचार्य पदों के लिए भर्ती विज्ञापन जारी कर दिया है। वहीं, 2107 असिस्टेंट प्रोफेसर पदों का विज्ञापन जुलाई के अंतिम सप्ताह में जारी होने की तैयारी है। सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक और प्रधानाचार्य के 2643 पदों का अधियाचन पहले ही अपलोड किया जा चुका है।
इसके अलावा टीजीटी, पीजीटी और संलग्न प्राइमरी के 21252 पदों का अधियाचन भी अपलोड हो चुका है। आयोग हाल ही में टीजीटी के 3539 और पीजीटी के 624 पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी कर चुका है। दूसरी ओर, लोक सेवा आयोग ने प्रवक्ता के 1518 पदों पर चयन प्रक्रिया पूरी कर ली है। राजकीय महाविद्यालयों में 1253 सहायक आचार्य तथा एलटी ग्रेड के 7466 सहायक अध्यापक पदों पर भी चयन हो चुका है। वहीं, राजकीय इंटर कॉलेजों के 8905 पदों का अधियाचन आयोग को भेजा जा चुका है।
विभिन्न विभागों में भर्तियां
बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव सुरेंद्र तिवारी के अनुसार, नगर क्षेत्र में 11 हजार शिक्षकों की भर्ती के लिए अधियाचन ऑफलाइन माध्यम से आयोग को भेजा गया है। बेसिक शिक्षा के सहायता प्राप्त विद्यालयों में वर्ष 2021 की भर्ती के तहत 65 प्रधानाध्यापक और लगभग 450 सहायक अध्यापकों की नियुक्ति की गई है।
एडी माध्यमिक कामता राम पाल ने बताया कि उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से शिक्षा निदेशालय प्रयागराज के लिए 131 कनिष्ठ लिपिक और 25 आशुलिपिक पदों की भर्ती अंतिम चरण में पहुंच चुकी है।
आगामी भर्ती योजनाएं
61999 पदों के अलावा बेसिक शिक्षा परिषद ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 35 हजार शिक्षकों के पदों का अधियाचन भेजने की तैयारी कर रही है। साथ ही दो हजार अनुदेशक पदों पर भी भर्ती की जाएगी। अल्पसंख्यक महाविद्यालयों में करीब 150 तथा माध्यमिक अल्पसंख्यक विद्यालयों में 300 पदों के लिए सितंबर-अक्टूबर तक अधियाचन भेजे जाने की संभावना है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.