रोहतक में हैवान बना पिता, नशे में 5 साल की बेटी को जमीन पर पटका; वीडियो वायरल

HIGHLIGHTS
- रोहतक की इंद्रा कॉलोनी में शराब के नशे में एक पिता द्वारा पांच साल की बेटी को जमीन पर पटकने का मामला सामने आया है।
- वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
हरियाणा के रोहतक जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। इंद्रा कॉलोनी में कथित तौर पर शराब के नशे में एक पिता ने अपनी पांच वर्षीय बेटी के साथ बेरहमी की। गुस्से में उसने बच्ची को उठाकर जमीन पर पटक दिया, जिससे उसके कंधे में चोट लग गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पड़ोस से लौटते ही बच्ची पर टूट पड़ा पिता
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, बच्ची खेलते-खेलते पड़ोस में चली गई थी। काफी देर तक उसके नहीं मिलने से पिता जितेंद्र नाराज हो गया। जैसे ही बच्ची घर के पास पहुंची, उसने पहले उसे थप्पड़ मारे और फिर गुस्से में उठाकर जमीन पर पटक दिया।
परिवार ने घटना छिपाने की कोशिश की
घटना के बाद परिजन घायल बच्ची को इलाज के लिए पीजीआई अस्पताल ले गए। आरोप है कि मामले को छिपाने के लिए डॉक्टरों को बताया गया कि बच्ची छत से गिर गई है। प्राथमिक उपचार और कच्चा प्लास्टर कराने के बाद उसे घर वापस ले जाया गया।
वीडियो सामने आने पर पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। मामले में आरोपी पिता के खिलाफ केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। हालांकि घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है।
पुलिस जुटी जांच में
सिटी थाना प्रभारी रमेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है। शुरुआती पूछताछ में बच्ची की मां ने बताया कि घटना के समय उसका पति शराब के नशे में था। पुलिस परिवार के अन्य सदस्यों, जिनमें बच्ची की मां और ताऊ भी शामिल हैं, से पूछताछ कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूरे घटनाक्रम की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.