‘साधु-संतों को डराया या अपमानित नहीं किया जाएगा’, गीता पाठ कार्यक्रम में बोले शुभेंदु अधिकारी

HIGHLIGHTS
- कार्यक्रम कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में आयोजित हुआ।
- 11 हजार कंठों से गीता पाठ का आयोजन किया गया।
- कार्यक्रम के अंत में शुभेंदु अधिकारी ने भी गीता के एक अध्याय का पाठ किया।
कोलकाता। बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को पूर्ववर्ती ममता बनर्जी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में अब साधु-संतों को डराने या उनका अपमान करने की स्थिति नहीं है। उन्होंने कहा कि समय और शासन दोनों बदल चुके हैं और साधु-संत अब निर्भय होकर गीता पाठ, हनुमान चालीसा और अन्य धार्मिक कार्यक्रम कर सकते हैं।
कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में 11 हजार कंठों से आयोजित गीता पाठ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि साधु-संतों का अपमान करने या उन्हें डराने वालों के खिलाफ सरकार कड़ी कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि अपमान करने वालों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। कार्यक्रम के अंत में शुभेंदु अधिकारी ने खुद भी गीता के एक अध्याय का पाठ किया।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि आगामी 29 दिसंबर को कोलकाता में फिर बड़े स्तर पर सामूहिक गीता पाठ का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में 10 लाख लोगों के शामिल होने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत इसमें मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हो सकते हैं।
शुभेंदु अधिकारी ने हाल ही में बंगाल दौरे पर आए बागेश्वर बाबा से जुड़े विवाद का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि साधु-संत सनातन धर्म का प्रचार करेंगे और एक स्वतंत्र देश में उन्हें इसका अधिकार है।
उन्होंने कहा कि लोग उनकी बातों को मानने या न मानने के लिए स्वतंत्र हैं, लेकिन किसी साधु-संत को डराना या अपमानित करना स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि बागेश्वर बाबा की तस्वीर जलाने के मामले में राज्य सरकार ने कार्रवाई करते हुए आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
बंगाल में खुलकर गीता पाठ और हनुमान चालीसा पढ़ने की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि बंगाल में लोग अब खुले तौर पर गीता पाठ और गीता वितरण करें। इसके साथ ही उन्होंने हनुमान चालीसा पढ़ने तथा शंख, मृदंग और खंजनी बजाकर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।
उन्होंने साधु-संतों से एकजुट रहने का आह्वान भी किया। कार्यक्रम के दौरान शुभेंदु अधिकारी ने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी निशाना साधा।
उन्होंने शनिवार को हुगली जिले के श्रीरामपुर की सभा में ममता बनर्जी की ओर से दिए गए 'आजादी' संबंधी बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि इस तरह की बातें करने वालों को राष्ट्रवादी जनता जवाब देगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.