संभल में टेंपो और डंपर की जोरदार टक्कर, दो मासूमों समेत पांच की मौत

HIGHLIGHTS
- टक्कर के बाद डंपर भी सड़क किनारे पलट गया।
- मृतकों में टेंपो चालक सौदान भी शामिल है।
- मृतकों में 25 वर्षीय रूवैद और 26 वर्षीय रोहिणी भी हैं।
संभल। उत्तर प्रदेश के संभल जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बहजोई थाना क्षेत्र में मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर गांव बमनेटा के पास करीब सवा आठ बजे यह दुर्घटना हुई। दिव्यांग की ट्राईसाइकिल को बचाने के प्रयास में सवारियों से भरा टेंपो डंपर से टकरा गया।
हादसे में दो मासूम बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों का बहजोई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हादसे की जानकारी ली।
बताया गया कि टेंपो चालक सौदान 11 सवारियों को लेकर बहजोई से चंदौसी जा रहा था। बहजोई से करीब डेढ़ किलोमीटर आगे गांव बमनेटा के पास पहुंचते ही टेंपो की डंपर से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि टेंपो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि डंपर भी सड़क किनारे पलट गया।
मृतकों की हुई पहचान
हादसे में टेंपो चालक सौदान की भी मौत हो गई। वह बहजोई थाना क्षेत्र के गांव सादातबाड़ी का रहने वाला था। मृतकों में बहजोई थाना क्षेत्र के मोहल्ला कुरैशियान निवासी 25 वर्षीय रूवैद भी शामिल है।
इसके अलावा बदायूं जिले के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव परमानंदपुर निवासी 26 वर्षीय रोहिणी की भी हादसे में जान चली गई। गांव मऊ कठैर निवासी सात वर्षीय ध्रुव और उसकी तीन माह की बहन आराध्या की भी मौत हो गई।
छह लोग गंभीर रूप से घायल
घायलों में मासूमों की मां भावना भी शामिल हैं। इसके अलावा फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव परमानंदपुर निवासी पुनीत, धनारी थाना क्षेत्र के गांव जरबार निवासी रामपाल, रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव सेमरी निवासी बिट्टू, मऊ कठैर निवासी प्रशांत और बनियाठेर थाना क्षेत्र के गांव नेहटा निवासी ब्रजकिशोर घायल हुए हैं।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर टेंपो में फंसे घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद बहजोई थाना पुलिस ने रोगी वाहन की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
दुर्घटना के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी ने घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया और हादसे की पूरी जानकारी ली। अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी मनोज कुमार रावत भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घायलों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार डंपर चालक की तलाश की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.