प्रयागराज में 6 SDM का तबादला, प्रोटोकॉल मामले में चर्चा में आए ACM भी बदले गए

HIGHLIGHTS
- उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के प्रोटोकॉल उल्लंघन मामले के बाद ACM तृतीय हीरालाल का तबादला कर फूलपुर एसडीएम बनाया गया है।
- प्रयागराज डीएम मनीष कुमार वर्मा ने छह एसडीएम के तबादले किए, जिनमें दो नवागंतुक अधिकारियों को भी तहसीलों की जिम्मेदारी मिली है।
- नंदिनी शाह, अजीत प्रताप सिंह समेत अन्य अधिकारियों को नई तैनाती दी गई, प्रशासनिक स्तर पर यह फेरबदल 18 जुलाई को किया गया।
प्रयागराज। यूपी के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के प्रयागराज दौरे के दौरान प्रोटोकॉल में लापरवाही के मामले में अपर नगर मजिस्ट्रेट (ACM) तृतीय हीरालाल का तबादला कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने उनके अलावा पांच अन्य एसडीएम के भी तबादले किए हैं। इनमें दो नए आए अधिकारियों को भी तहसीलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
काफी मान-मनौव्वल के बाद वापस लौटे थे मंत्री
उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय 15 जुलाई की रात प्रयागराज पहुंचे थे। उन्हें प्रो. राजेंद्र सिंह रज्जू भैया विश्वविद्यालय के दीक्षा समारोह में शामिल होना था। उनके प्रोटोकॉल के तहत अपर नगर मजिस्ट्रेट तृतीय हीरालाल सैनी की ड्यूटी लगाई गई थी।
मंत्री जब देर शाम सर्किट हाउस पहुंचे तो वहां प्रशासन की ओर से कोई अधिकारी मौजूद नहीं था। इससे नाराज होकर मंत्री वहां से चले गए थे। हालांकि, बाद में काफी समझाने-बुझाने के बाद वह वापस लौट आए थे।
डीएम ने छह एसडीएम के किए तबादले
18 जुलाई को जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने छह एसडीएम के स्थानांतरण किए। इसमें ACM तृतीय हीरालाल भी शामिल हैं। उन्हें प्रयागराज से हटाकर फूलपुर में एसडीएम-उप जिला मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं, नवागंतुक एसडीएम नंदिनी शाह को हंडिया और अजीत प्रताप सिंह को मेजा में एसडीएम-उप जिला मजिस्ट्रेट बनाया गया है।
इन अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
अपर नगर मजिस्ट्रेट द्वितीय ठाकुर प्रसाद को कोरांव में एसडीएम-उप जिला मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। कोरांव में तैनात एसडीएम-उप जिला मजिस्ट्रेट संदीप तिवारी को करछना की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा एसडीएम न्यायिक हंडिया सुरेंद्र यादव को अपर नगर मजिस्ट्रेट द्वितीय के पद पर तैनात किया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.