जौहर यूनिवर्सिटी आंदोलन को सपा का समर्थन, माता प्रसाद पांडेय बोले- ध्वस्तीकरण आदेश गलत

HIGHLIGHTS
- जौहर यूनिवर्सिटी के 38 भवनों के ध्वस्तीकरण आदेश के विरोध में सपा प्रतिनिधिमंडल ने आंदोलन को समर्थन दिया।
- नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने कार्रवाई को गलत बताते हुए छात्रों के साथ खड़े रहने की बात कही।
- सपा ने मामले को विधानसभा से लेकर सड़क तक उठाने और प्रशासन से आदेश पर पुनर्विचार की मांग की।
मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी के 38 भवनों को तोड़ने के आदेश के विरोध में चल रहे आंदोलन को समाजवादी पार्टी ने समर्थन दिया है। बृहस्पतिवार को नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय के नेतृत्व में सपा का प्रतिनिधिमंडल दोपहर में यूनिवर्सिटी पहुंचा और मुख्य गेट पर धरना दे रहे छात्र-छात्राओं के साथ खड़ा हुआ।
इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद सपा कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बीच यूनिवर्सिटी परिसर और मुख्य गेट पर काफी देर तक हलचल बनी रही। यूनिवर्सिटी पहुंचने के बाद माता प्रसाद पांडेय ने पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और यूनिवर्सिटी प्रबंधन के प्रतिनिधियों के साथ बंद कमरे में बैठक की।
बैठक में ध्वस्तीकरण आदेश, छात्रों के आंदोलन और आगे की रणनीति को लेकर चर्चा की गई। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने आंदोलन कर रहे छात्रों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
माता प्रसाद पांडेय ने कहा कि जौहर यूनिवर्सिटी एक शिक्षा का केंद्र है और इसे गिराने का आदेश गलत है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी इस कार्रवाई के विरोध में है और छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान के भविष्य को प्रभावित करने वाले फैसले सोच-विचार कर लिए जाने चाहिए। पार्टी इस मामले को लोकतांत्रिक तरीके से उठाएगी और प्रशासन से ध्वस्तीकरण आदेश पर पुनर्विचार की मांग करेगी।
संभल, अमरोहा और मुरादाबाद से पहुंचे सपा कार्यकर्ता
जौहर यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट पर सुबह से ही छात्रों और सपा कार्यकर्ताओं का जुटना शुरू हो गया था। संभल, अमरोहा, मुरादाबाद और आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में सपा नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता रामपुर पहुंचे। बरेली-मुरादाबाद रोड स्थित टोल प्लाजा पर एकत्र होने के बाद सभी काफिले के रूप में यूनिवर्सिटी पहुंचे। प्रतिनिधिमंडल के पहुंचने के समय परिसर के बाहर बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस रही सतर्क
कार्यक्रम को देखते हुए यूनिवर्सिटी परिसर और आसपास के क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद रहे। पूरे घटनाक्रम पर नजर रखने के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए।
आजम खां के समर्थन में लगाए नारे
सपा कार्यकर्ताओं ने आजम खां की रिहाई की मांग को लेकर भी नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने जौहर यूनिवर्सिटी पर हो रही कार्रवाई का विरोध करते हुए सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। वहीं छात्रों ने ध्वस्तीकरण आदेश वापस लेने की मांग दोहराई। छात्रों का कहना है कि इस कार्रवाई से हजारों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित होगा।
विधानसभा की कार्यवाही नहीं चलने देने की चेतावनी
बैठक के दौरान सपा विधायक नवाब इकबाल महमूद ने कहा कि जब तक जौहर यूनिवर्सिटी को बचाने का आश्वासन नहीं दिया जाता, तब तक समाजवादी पार्टी विधानसभा की कार्यवाही सुचारु रूप से नहीं चलने देगी। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को सदन से लेकर सड़क तक उठाएगी।
सर्किट हाउस में बिजली व्यवस्था पर जताई नाराजगी
रामपुर पहुंचने के बाद नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय और अन्य विधायक सर्किट हाउस पहुंचे। यहां उन्होंने बिजली व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि सर्किट हाउस में बिजली नहीं थी, एसी बंद थे और केवल इनवर्टर के सहारे कुछ पंखे और लाइटें ही चल रही थीं।
डीएम को सौंपेंगे ज्ञापन
प्रतिनिधिमंडल की जिलाधिकारी से मुलाकात कर ध्वस्तीकरण आदेश के विरोध में ज्ञापन सौंपने की योजना है। समाजवादी पार्टी ने प्रशासन से आदेश पर पुनर्विचार करने और यूनिवर्सिटी को राहत देने की मांग की है। वहीं प्रशासन की ओर से कहा गया है कि पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.