तरनतारन में उपचुनाव की तारीख घोषित, मतदान 11 नवंबर को और मतगणना 14 नवंबर

चंडीगढ़: बिहार चुनाव के साथ ही पंजाब की तरनतारन विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव की तारीख घोषित कर दी गई है। चुनाव आयोग ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि मतदान 11 नवंबर को होगा, जबकि मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी।
तरनतारन सीट 27 जून को विधायक डॉ. कश्मीर सिंह सोहल के निधन के बाद खाली हुई थी। इस विधानसभा क्षेत्र में कुल 1,95,098 मतदाता हैं, जिनमें 1,01,494 पुरुष और 92,240 महिलाएं शामिल हैं। इसके अलावा आठ थर्ड जेंडर मतदाता भी वोटिंग कर सकेंगे। मतदान के लिए क्षेत्र में कुल 222 बूथ स्थापित किए गए हैं और सभी बूथों पर वेबकास्टिंग की सुविधा उपलब्ध होगी।
उम्मीदवारों की घोषणा
उपचुनाव के लिए प्रमुख पार्टियों ने उम्मीदवार घोषित करना शुरू कर दिया है। शिरोमणि अकाली दल ने 19 जुलाई को सुखविंदर कौर रंधावा को उम्मीदवार बनाया। भारतीय जनता पार्टी ने 14 अगस्त को हरजीत सिंह संधू को प्रत्याशी घोषित किया। आम आदमी पार्टी ने 3 अक्टूबर को पूर्व सीपीएस हरमीत सिंह संधू को उम्मीदवार घोषित किया, जबकि कांग्रेस ने 4 अक्टूबर को करनबीर सिंह बुर्ज को अपना प्रत्याशी बनाया। अकाली दल (वारिस पंजाब दे) और ज्ञानी हरप्रीत सिंह की अगुवाई वाले अन्य अकाली गुट ने अभी तक प्रत्याशी तय नहीं किया है।
AAP के लिए नौवां उपचुनाव
यह उपचुनाव आम आदमी पार्टी के लिए पंजाब में नौवां उपचुनाव होगा। 2022 में भगवंत मान के मुख्यमंत्री बनने के बाद संगरुर में उपचुनाव हुआ था। उसके बाद जालंधर लोकसभा और विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव हुए, जिनमें पार्टी के कई उम्मीदवार जीतने में सफल रहे। अब पार्टी ने पूर्व सीपीएस हरमीत सिंह संधू पर भरोसा जताया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.