आगरा में दर्दनाक हादसा: पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दो किशोरों की मौत
By Hitesh — July 22, 2026

HIGHLIGHTS
- आगरा के रायभा गांव के पास पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दो किशोरों की मौत हो गई।
- दोनों छात्र स्कूल के बाद दोस्तों के साथ पहाड़ में जमा पानी में नहाने गए थे।
- ग्रामीणों ने ऐसे खतरनाक स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाने की मांग की है।
Author: — Dainik Dehat
आगरा के थाना किरावली क्षेत्र में ग्राम रायभा के पास बुधवार को दर्दनाक हादसा हो गया। पानी से भरे पहाड़ के गड्ढे में नहाने गए दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
रायभा स्थित लॉर्ड शिवा स्कूल में पढ़ने वाले कक्षा 9वीं और 10वीं के पांच छात्रों ने धनौली और नगला मंशा के बीच स्थित पहाड़ में जमा पानी में नहाने की योजना बनाई थी। बुधवार को स्कूल की छुट्टी के बाद पांचों दोस्त पहाड़ के पास पहुंचे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पांच छात्रों में से दो किशोर पानी में नहाने के लिए उतर गए, जबकि तीन छात्र बाहर खड़े होकर उन्हें देख रहे थे। इसी दौरान गहराई का अंदाजा नहीं लगने से एक छात्र अचानक पानी में डूबने लगा। अपने साथी को बचाने के प्रयास में दूसरा छात्र भी पानी में उतर गया, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण वह भी संतुलन खो बैठा और दोनों डूब गए।
दो साथियों को डूबता देख बाहर खड़े छात्र डर गए और मौके से भाग निकले। इसके बाद आसपास के लोगों और तैराकी जानने वाले स्थानीय युवाओं को घटना की जानकारी दी गई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से दोनों किशोरों को पानी से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतक छात्रों की पहचान करन (17) पुत्र रामेन्दर निवासी मगुरा और देवमोहन (16) पुत्र ईश्वरी प्रसाद शर्मा निवासी नगला मंशा के रूप में हुई है।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने बताया कि धनौली और नगला मंशा के बीच स्थित पहाड़ और पुराने खड्डों में बारिश के दौरान अक्सर पानी भर जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे स्थान बच्चों के लिए खतरा बन रहे हैं। उन्होंने मांग की है कि इन खतरनाक जगहों पर बैरिकेडिंग कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.