मथुरा में संदिग्ध हालात में दो सगी बहनों की मौत, चचेरी बहन की हालत गंभीर

HIGHLIGHTS
- मुस्कान और अरवाना की इलाज के दौरान मौत हो गई।
- तीनों लड़कियों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी थी।
- दोनों बहनों को पहले कोसीकलां के निजी अस्पताल ले जाया गया था।
मथुरा के छाता कोतवाली क्षेत्र के उमराया गांव में बुधवार की मध्य रात्रि संदिग्ध परिस्थितियों में कोल्ड ड्रिंक और चावल खाने से दो सगी बहनों की मौत हो गई। वहीं, उनकी चचेरी बहन की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। मृतक बहनों के पिता ने पड़ोस में रहने वाले अपने चचेरे भाई पर रंजिश के चलते बेटियों को जहर देकर मारने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों बहनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।
उमराया निवासी गुलाब सिंह की बेटियां मुस्कान (17) और अरवाना (19) बुधवार रात घर की छत पर थीं। गुलाब सिंह का आरोप है कि आधी रात के समय पड़ोस में रहने वाले उनके चचेरे भाई पप्पू की बेटी नगमा (15) चावल और कोल्ड ड्रिंक लेकर दोनों बहनों के पास छत पर पहुंची। इसके बाद तीनों ने चावल और कोल्ड ड्रिंक का सेवन किया। कुछ देर बाद ही तीनों की तबीयत अचानक खराब होने लगी और वे अचेत होने लगीं।
परिजन मुस्कान और अरवाना को तुरंत कोसीकलां के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां दोनों की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें रेफर कर दिया। इसके बाद दोनों बहनों को केडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
उधर, नगमा के परिजन उसे पहले एसकेएस अस्पताल लेकर गए। बाद में उसे भी केडी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
20 वर्षों से चल रहा है विवाद
मृतक बहनों के पिता गुलाब सिंह ने बताया कि उनके चचेरे भाई पप्पू के साथ खेती-किसानी को लेकर करीब 20 वर्षों से विवाद चल रहा है। दोनों परिवारों के बीच बातचीत और एक-दूसरे के घर आना-जाना भी नहीं था। गुलाब का आरोप है कि पिछले तीन-चार दिनों से पप्पू की बेटी नगमा ने अचानक उनकी बेटियों से मेलजोल बढ़ाना शुरू कर दिया था और योजना के तहत दोनों को विषाक्त पदार्थ खिला दिया।
नगमा ने खुद चावल और कोल्ड ड्रिंक क्यों खाई?
गुलाब सिंह ने भले ही इस मामले में अपने चचेरे भाई पप्पू पर आरोप लगाया है, लेकिन पुलिस के सामने यह सवाल भी है कि अगर चावल और कोल्ड ड्रिंक में जहर था तो क्या पप्पू अपनी बेटी नगमा को वही लेकर गुलाब की बेटियों के पास भेजता? इसके साथ ही नगमा ने खुद चावल और कोल्ड ड्रिंक का सेवन क्यों किया? पुलिस इन सभी सवालों के जवाब तलाशने में जुटी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.