UPPSC PCS Main Exam 2025 का रिजल्ट जारी, 2,297 अभ्यर्थी इंटरव्यू के लिए सफल

HIGHLIGHTS
- मुख्य लिखित परीक्षा 29 मार्च से 1 अप्रैल 2026 तक आयोजित हुई थी।
- परीक्षा प्रयागराज और लखनऊ के विभिन्न केंद्रों पर कराई गई थी।
- भर्ती के लिए कुल 28 प्रकार के पदों की रिक्तियां घोषित की गई थीं।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने सम्मिलित राज्य / प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2025 की मुख्य लिखित परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। मुख्य परीक्षा में कुल 10,284 अभ्यर्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 2,297 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए सफल घोषित किया गया है। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 814 पदों को भरा जाना है।
लोक सेवा आयोग के सचिव गिरिजेश त्यागी के मुताबिक, मुख्य परीक्षा 29 मार्च से एक अप्रैल 2026 तक प्रयागराज और लखनऊ के अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। कुल 28 प्रकार के पदों के लिए 814 रिक्तियां घोषित की गई थीं। इनमें एक प्रकार के पद की दो रिक्तियों पर चयन केवल लिखित परीक्षा के आधार पर किया जाना है। इन दोनों पदों का परिणाम अंतिम चयन परिणाम के साथ जारी किया जाएगा।
बाकी 812 पदों पर चयन लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर होना है। आयोग ने इन 812 पदों के सापेक्ष 2,297 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए सफल घोषित किया है।
न्यायालय के निर्णय के अधीन रहेगा परिणाम
आयोग ने बताया है कि परीक्षा का परिणाम इलाहाबाद हाईकोर्ट में दाखिल रिट याचिका संख्या-4253/2026, अर्चित शिवम मिश्रा बनाम उत्तर प्रदेश राज्य व अन्य में पारित होने वाले अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश के बाहर की महिला अभ्यर्थियों का परिणाम प्रदेश सरकार की ओर से दाखिल विशेष अपील संख्या-475 (डी)/2019 में हाईकोर्ट के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा।
अंतिम परिणाम के बाद जारी होंगे अंक और कट ऑफ
आयोग के सचिव गिरिजेश त्यागी ने बताया कि परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों के प्राप्तांक और कट ऑफ अंक समेत अन्य जानकारी अंतिम चयन परिणाम घोषित होने के बाद उपलब्ध कराई जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.