गुरुग्राम में कार रोककर शीशा तोड़ने का आरोप, थाने के बाहर भी हुई मारपीट

HIGHLIGHTS
- शिकायतकर्ता गौतम मदनपुरी का निवासी बताया गया है।
- घटना के बाद गौतम अपने परिचितों के साथ न्यू कॉलोनी थाने पहुंचा था।
- पुलिस को साई मंदिर के पास ओयो होटल के बाहर स्कॉर्पियो खड़ी मिली।
गुरुग्राम के न्यू कॉलोनी मोड के पास स्कॉर्पियो सवार युवकों पर कार रोककर पीड़ित का शीशा तोड़ने और उसके साथ अभद्रता करने का आरोप लगा है। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने कार रुकवाकर खिड़की खुलवाने की कोशिश की। खिड़की नहीं खोलने पर उन्होंने कार का शीशा तोड़ दिया। इसके बाद पीड़ित जान बचाकर वहां से निकल गया और अपने दो दोस्तों के साथ पुलिस को शिकायत देने पहुंचा। आरोप है कि न्यू कॉलोनी थाना के बाहर भी आरोपियों ने पीड़ित और उसके दोस्तों के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया।
ओयो होटल से तीन आरोपी पकड़े गए
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार के मुताबिक, गुरुवार देर शाम न्यू कॉलोनी थाने में चार युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने रात में ही तीन आरोपियों को एक ओयो होटल से पकड़ लिया। वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
युवकों के पास हथियार होने का आरोप
मदनपुरी निवासी गौतम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी कार से हरीश बेकरी के पास यू-टर्न लेकर न्यू कॉलोनी मोड की तरफ जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आई स्कॉर्पियो कार नंबर एचआर26एफजी5726 ने उसकी कार को ओवरटेक करके रास्ता रोक लिया।
गौतम का आरोप है कि स्कॉर्पियो में सवार युवकों ने उसकी कार के शीशे तोड़ दिए और उसके साथ अभद्रता की। उसने यह भी आरोप लगाया कि युवकों के पास हथियार थे। इसके चलते वह अपनी कार लेकर वहां से निकल गया।
साई मंदिर के पास खड़ी मिली स्कॉर्पियो
घटना के बाद गौतम ने अपने परिचित रविंद्र कटारिया और संदीप दहिया को पूरी जानकारी दी। इसके बाद वह दोनों के साथ शिकायत दर्ज कराने न्यू कॉलोनी थाने पहुंचा। शिकायत के अनुसार, पुलिसकर्मियों के साथ घटनास्थल की ओर जाते समय साई मंदिर के पास एक ओयो होटल के सामने वही स्कॉर्पियो खड़ी दिखाई दी।
पुलिस ने होटल के एक कमरे से तीन युवकों को पकड़ लिया और उन्हें थाने लेकर आई।
थाने के सामने मारपीट का आरोप
आरोप है कि स्कॉर्पियो सवार युवकों ने थाने के सामने सरकारी वाहन से उतरने के बाद रविंद्र कटारिया और संदीप दहिया के साथ मारपीट की। आरोप है कि उन पर धारदार हथियार से भी हमला किया गया, जिससे दोनों को चोटें आईं।
एफआईआर में अजय, मोहित, पियूष और शिवम के नाम सामने आए हैं। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल स्कॉर्पियो को भी अपने कब्जे में ले लिया है।
पीड़ितों ने मांगी सुरक्षा
शिकायतकर्ता ने आरोपियों से भविष्य में भी खतरा होने की बात कहते हुए सुरक्षा और सख्त कार्रवाई की मांग की है। इसके अलावा साई बाबा मंदिर के पास स्थित ओयो होटल के संचालक पर बिना पहचान पत्र के कमरे उपलब्ध कराने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने होटल संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.