बदरीनाथ धाम चढ़ावा विवाद: गणना कक्ष में बढ़ाई गई सुरक्षा, CCTV से होगी हर गतिविधि की निगरानी

HIGHLIGHTS
- बदरीनाथ चढ़ावा प्रकरण के बाद गणना कक्ष में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई, 5 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए।
- बीकेटीसी ने चढ़ावा गणना को पारदर्शी बनाने के लिए शीशे की दीवार और मजबूत जाली की व्यवस्था की।
- चढ़ावे से जुड़े मामले की जांच जारी, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध गतिविधियों की पड़ताल हो रही है।
बदरीनाथ। बदरीनाथ धाम में चढ़ावे में हेराफेरी के मामले के बाद चढ़ावा गणना प्रक्रिया को ज्यादा सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने गणना कक्ष में कई बदलाव किए हैं।
गणना कक्ष में मंदिर परिसर की ओर शीशे की दीवार बनाई गई है। वहीं, ऊपर के हिस्से में करीब तीन फीट ऊंची मजबूत जाली लगाई गई है। इसके अलावा पूरे कक्ष में पांच सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, ताकि चढ़ावे की गणना के दौरान होने वाली सभी गतिविधियों पर नजर रखी जा सके और रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा सके।
वहीं, पुलिस द्वारा गठित जांच समिति चढ़ावे से संबंधित दस्तावेजों की विशेषज्ञों से जांच करा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शासन के निर्देश पर मंडलायुक्त की अध्यक्षता में गठित जांच समिति भी मामले की जांच कर रही है।
सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है।
गणना कक्ष में दिखा साधु, पुलिस कर रही तलाश
गोपेश्वर। बदरीनाथ मंदिर परिसर में साफ-सफाई और अन्य छोटे कार्य करने वाला एक साधु चढ़ावा गणना के समय अक्सर गणना कक्ष में मौजूद रहता था। सीसीटीवी फुटेज में भी वह नोट गिनते हुए दिखाई दिया है।
पुलिस ने पूछताछ के लिए साधु को बुलाया था, लेकिन पिछले कुछ दिनों से वह बदरीनाथ धाम में नजर नहीं आया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि साधु से पूछताछ के बाद मामले से जुड़े कुछ अहम पहलुओं की जानकारी सामने आ सकती है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.