चन्नी का पंजाब सरकार पर बड़ा आरोप, बोले- बाहरी लोग चला रहे सरकार, सीएम-मंत्रियों से ज्यादा सैलरी

HIGHLIGHTS
- चरणजीत सिंह चन्नी ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर लगाए आरोप
- कई लोगों के नाम और उनके पदों का किया उल्लेख
- सरकारी रिहायश और अन्य सुविधाएं दिए जाने का दावा
- दिल्ली सरकार में काम कर चुके लोगों की भूमिका पर उठाए सवाल
- मुख्यमंत्री और मंत्रियों को निर्देश देने का लगाया आरोप
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पंजाब सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। चन्नी ने दावा किया कि पंजाब सरकार के कई अहम पदों पर पंजाब से बाहर के राज्यों से आए लोगों की नियुक्ति की गई है और उन्हें सरकारी सुविधाएं भी मुहैया कराई जा रही हैं।
कई लोगों के नाम लिए
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान चन्नी ने कुछ लोगों के नाम, उनके पद और उन्हें दी गई सरकारी रिहायश का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली सरकार में अलग-अलग पदों पर काम कर चुके कई लोग अब पंजाब सरकार के कामकाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
बाहर से आकर मंत्रियों को दे रहे आदेश
चन्नी ने कहा कि पंजाब के कई बड़े पदों पर बाहरी राज्यों से आए लोग तैनात हैं और वे सरकार के कामकाज को प्रभावित कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री और मंत्रियों के हाथ में कुछ नहीं है, बल्कि ये लोग मुख्यमंत्री और मंत्रियों को निर्देश देकर सरकार चला रहे हैं।
सीएम और मंत्रियों से ज्यादा सैलरी देने का आरोप
चन्नी ने यह भी आरोप लगाया कि इन लोगों को मुख्यमंत्री और मंत्रियों से ज्यादा वेतन दिया जा रहा है। इसके अलावा उन्हें कई सरकारी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब के महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी पंजाब के लोगों को दी जानी चाहिए।
'पंजाब का पैसा बाहर जा रहा'
चन्नी ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र समेत अन्य राज्यों से आए लोग पंजाब सरकार में महत्वपूर्ण पदों पर काम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन लोगों की वजह से पंजाब का पैसा बाहर जा रहा है।
किन लोगों के नाम लिए?
प्रेस कॉन्फ्रेंस में चन्नी ने वैभव कुमार, जैस्मीन शान, सतिंदर जैन, मनीष सिसोदिया, सीमा बंसल, अनुराग कुंडल, शौकत राय, वैभव महेश्वरी, कमल बंसल, संजय गुप्ता, रीना गुप्ता, दीपक चौहान, आदिल खान, दपिंदर विर्क और शालीन मित्रा समेत कई नामों का उल्लेख किया।
'एलपीयू में हिंसा के पीछे आप'
चन्नी ने सरकार से इन लोगों की नियुक्तियों, उनके पद, वेतन, सरकारी रिहायश और अन्य सुविधाओं को लेकर पंजाब की जनता के सामने स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। लवली यूनिवर्सिटी में हुए हंगामे की जांच की मांग करते हुए चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि यूनिवर्सिटी का मालिक राज्य सभा सदस्य आप को छोड़कर भाजपा में चला गया, इसलिए आप पार्टी इसमें शामिल है। उन्होंने सवाल किया कि ऐसा कैसे हो सकता है कि यूनिवर्सिटी में बाहर के लोग घुस जाएं और हंगामा करें।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.