ऑपरेशन प्रहार: मोगा में बंबीहा गैंग के 3 सदस्य गिरफ्तार, अमृतसर में एनकाउंटर

पंजाब पुलिस के ऑपरेशन प्रहार के तीसरे दिन भी कार्रवाई लगातार जारी रही। राज्य के विभिन्न जिलों में अपराधियों के खिलाफ पुलिस सक्रिय है। मोगा में बंबीहा गैंग के तीन शातिर गुर्गों को गिरफ्तार किया गया, जबकि अमृतसर में पुलिस और हत्या के आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई। दोनों मामलों में पुलिस ने हथियार भी बरामद किए हैं।
मोगा में बंबीहा गैंग के तीन गिरफ्तार
मोगा सीआईए स्टाफ ने गुप्त सूचना के आधार पर अजीतवाल अनाज मंडी में छापेमारी कर तीन आरोपियों – गुरविंदर सिंह (कोकरी वेहनीवाल), जसप्रीत सिंह और एकजोत सिंह (बाघापुराना) – को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने 32 बोर की चार देसी पिस्तौल, 30 बोर की एक पिस्तौल, साथ ही 18 जिंदा कारतूस बरामद किए।
एसएसपी ने बताया कि गुरविंदर सिंह के खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है, जबकि एकजोत सिंह पर बठिंडा में आपराधिक केस है। ऑपरेशन प्रहार के तहत मोगा पुलिस अब तक 126 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
अमृतसर में हत्या का फरार आरोपी घायल
अमृतसर देहाती पुलिस ने टिमोवाल के पास एनकाउंटर के दौरान कपूरथला हत्याकांड के फरार आरोपी जस्पाल उर्फ भट्टी (जिला होशियारपुर) को घायल अवस्था में पकड़ लिया। पुलिस टीम पर आरोपी ने फायरिंग की, जिसके जवाब में उसकी टांग में गोली लगी।
डीआईजी बॉर्डर रेंज संदीप गोयल ने बताया कि आरोपी को तुरंत अस्पताल भेजा गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक चाइना मेड पिस्टल बरामद हुई। आरोपी ने करीब एक साल पहले कपूरथला में हत्या की थी और तब से फरार था।
पुलिस ने कहा कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों और गैंगस्टरों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। मामले की जांच चल रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.