अमृतसर में आप सरपंच की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या

अमृतसर में आम आदमी पार्टी (आप) के सरपंच जर्मल सिंह वल्टोहा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। वे तरन तारन के खेमकरण विधानसभा क्षेत्र के विधायक सरवण सिंह धुन्न के करीबी माने जाते थे। जानकारी के अनुसार, जर्मल सिंह को विदेश से सक्रिय गैंगस्टर प्रभदीप सिंह उर्फ प्रभ दासूवाल द्वारा पिछले छह महीने से 30 लाख रुपये की रंगदारी के लिए धमकाया जा रहा था। इससे पहले उनके खिलाफ दो हमले भी हो चुके थे।
रविवार को सरपंच जर्मल सिंह शादी समारोह में शामिल होने अमृतसर के मेरी गोल्ड पैलेस पहुंचे थे। जैसे ही वे पैलेस में दाखिल हुए, वहां उपस्थित हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर हत्या कर दी।
जर्मल सिंह वल्टोहा आढ़त का कारोबार भी करते थे और पहले शिअद-भाजपा गठबंधन के समय संधुआ गांव से दो बार सरपंच रह चुके थे। 2022 में उन्होंने आम आदमी पार्टी में शामिल होकर सक्रिय राजनीति शुरू की थी। वे समाजसेवा के कामों में भी सक्रिय थे।
सरपंच के परिवार ने बताया कि पिछले हमलों के बाद जर्मल सिंह ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की थी। खेमकरण के विधायक सरवण सिंह धुन्न ने इस हत्याकांड की निंदा करते हुए अमृतसर पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर से बात कर आरोपीयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.