विदेश में बैठे गैंगस्टर के इशारे पर कैफे मालिक से मांगी रंगदारी, छह गुर्गे गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- सुल्तानपुर लोधी में बरिस्टा कैफे मालिक से 15 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और फायरिंग कराने के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
- गिरफ्तार आरोपियों में दो नाबालिग भी शामिल हैं, जिनके पास से देसी पिस्टल और दो बाइक बरामद की गई हैं।
- पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात विदेश में बैठे गैंगस्टर जगदीप सिंह उर्फ जग्गा फुकीवाल के इशारे पर अंजाम दी गई थी।
सुल्तानपुर लोधी में बरिस्टा कैफे मालिक से 15 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और रकम नहीं मिलने पर कैफे के बाहर फायरिंग कराने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपी विदेश में बैठे गैंगस्टर जगदीप सिंह उर्फ जग्गा फुकीवाल के गैंग से जुड़े हुए हैं। इनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई देसी पिस्टल और दो बाइक बरामद की हैं। कपूरथला सीआईए स्टाफ में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी (डी) हरिंदर सिंह गिल और एएसपी धीरेंद्र वर्मा ने बताया कि 21 जून को कैफे मालिक को विदेशी व्हाट्सएप नंबर से 15 लाख रुपये की रंगदारी के लिए धमकी दी गई थी।
रकम नहीं मिलने के बाद बदमाशों ने कैफे के बाहर हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की थी। इसके बाद सोशल मीडिया पर भी इस घटना की जिम्मेदारी ली गई थी। पुलिस ने 24 जून को मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
तकनीकी और मानवीय सूचनाओं से मिली सफलता
सीआईए इंचार्ज एसआई रमन कुमार और थाना प्रभारी दविंदरपाल सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने तकनीकी जांच और मानवीय सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई की। पुलिस ने अमित सिंह निवासी देसल, हरमनरूप सिंह और जसमनप्रीत सिंह निवासी टिब्बा, जगदीप सिंह निवासी तोती समेत दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि विदेश में बैठा गैंगस्टर जगदीप सिंह उर्फ जग्गा फुकीवाल अपने स्थानीय गुर्गों के जरिए रंगदारी मांगने और फायरिंग जैसी वारदातों को अंजाम दिलवा रहा था। पुलिस ने गैंगस्टर को भी इस मामले में नामजद कर लिया है।
फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान मामले से जुड़े कई अन्य अहम खुलासे होने की उम्मीद है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.