गुरु रविदास जयंती पर पीएम का पंजाब दौरा, आदमपुर एयरपोर्ट का बदला नाम

जालंधर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को श्री गुरु रविदास जयंती के अवसर पर पंजाब पहुंचे। वे दोपहर करीब 3:45 बजे आदमपुर एयरपोर्ट पर उतरे और इसके बाद डेरा सचखंड बल्लां में मत्था टेका। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने माघ पूर्णिमा और गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती के पावन अवसर का उल्लेख किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उनका गहरा जुड़ाव गुरु रविदास जी की जन्मभूमि काशी से रहा है और वहीं से उन्हें देश सेवा का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि जब भी वे सीर गोवर्धनपुर जाते हैं, तब पंजाब से आए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं से मुलाकात होती है। इस बार उन्हें स्वयं गुरु रविदास जी की कर्मभूमि पंजाब आने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है।
उन्होंने इस आयोजन के लिए डेरा सचखंड बल्लां का आभार जताया और संस्था द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य और समाज सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। प्रधानमंत्री ने कहा कि पूज्य संत निरंजन दास महाराज के नेतृत्व में देश और विदेश में गुरु रविदास जी के विचारों का व्यापक प्रचार हुआ है। हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा उन्हें पद्म सम्मान दिया जाना इसी योगदान की पहचान है।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि आदमपुर एयरपोर्ट का नाम अब श्री गुरु रविदास महाराज एयरपोर्ट होगा। साथ ही हलवारा एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का भी उद्घाटन किया गया। उन्होंने विश्वास जताया कि गुरु रविदास जी के आशीर्वाद से देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ेगा।
प्रधानमंत्री ने संसद में पेश हुए बजट का भी जिक्र किया और कहा कि यह बजट गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं को सशक्त बनाने वाला है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों में दवाओं की कीमतें कम की गई हैं और स्वास्थ्य सुविधाओं को विस्तार दिया गया है। इस बजट में भी कैंसर समेत कई गंभीर बीमारियों की दवाओं को और सस्ता किया गया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और यूरोपीय यूनियन के बीच हुई ट्रेड डील को देश की अर्थव्यवस्था के लिए अहम बताया। उन्होंने कहा कि इससे 27 यूरोपीय देशों के साथ भारत का व्यापार बढ़ेगा और पंजाब के टेक्सटाइल उद्योग को विशेष रूप से नए अवसर मिलेंगे। जालंधर, लुधियाना और अमृतसर के कपड़ा कारोबारियों को इससे बड़ा लाभ होगा।
उन्होंने उद्यमियों और उद्योग जगत से अपील की कि भारतीय उत्पादों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि वैश्विक बाजार में भारत की साख और मजबूत हो।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.