नाभा में पुलिसकर्मी की तेजधार हथियार से हत्या, दो लोग हिरासत में

नाभा। शहर के मैहस गेट क्षेत्र में एक पुलिसकर्मी को तेजधार हथियारों से हमला कर हत्या किए जाने की घटना सामने आई है। मृतक अमनदीप सिंह, पुत्र राजिंदर सिंह, की उम्र लगभग 30 वर्ष थी। जानकारी के अनुसार, 5-6 अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें निशाना बनाया।
मृतक का शव सिविल हॉस्पिटल नाभा में मोर्चरी में रखवाया गया है। थाना कोतवाली के एसएचओ सौरभ सभरवाल ने बताया कि वे अस्पताल में हैं और प्रारंभिक जानकारी जुटाने के बाद ही आगे विवरण साझा कर पाएंगे। अमनदीप सिंह पटियाला ऑफिसर कॉलोनी में तैनात थे।
घटना के समय मृतक के भाई नवी भी उनके साथ थे, जिन्हें सिर पर चोटें लगी हैं। परिवार के अनुसार, अमनदीप सिंह को दो माह पहले ही बेटा हुआ था और उनके पिता राजिंदर सिंह मार्केट कमेटी नाभा से सेवानिवृत्त हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अमनदीप सिंह की किसी व्यक्ति से मामूली बहस हो गई थी, जिसने अपने साथियों को बुलाकर घटना को अंजाम दिया। डीएसपी नाभा गुरिंदर सिंह बल ने कहा कि यह हत्या छोटी तकरार के बाद की गई और इस मामले में दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.