फतेहाबाद में स्विफ्ट कार पर हमला, बाइक सवार युवकों ने लट्ठ-ईंटों से किया हमला

HIGHLIGHTS
- वारदात टेलीफोन एक्सचेंज रोड के पास हुई।
- कार में तीन युवक सवार थे।
- बाइक से पहुंचे युवकों ने कार सवारों पर हमला किया।
फतेहाबाद। हरियाणा के फतेहाबाद शहर में गैंगवार की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। शनिवार दोपहर बाद अनाज मंडी रोड पर टेलीफोन एक्सचेंज के पास बाइक सवार युवकों ने एक स्विफ्ट कार का पीछा कर उसमें सवार तीन युवकों पर हमला कर दिया। हमलावरों ने लट्ठ और आसपास पड़ी ईंटों से कार पर हमला किया, जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। कार सवार युवक मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
घटना की सूचना मिलने के बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
करीब चार मिनट तक कार पर बरसाए लट्ठ और ईंटें
घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। इसमें कुछ युवक करीब चार मिनट तक कार पर लट्ठ और ईंटों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि शनिवार दोपहर करीब तीन बजे अनाज मंडी के पास टेलीफोन एक्सचेंज रोड पर एक स्विफ्ट कार आकर रुकी थी।
इसी दौरान बाइक सवार कुछ युवक वहां पहुंचे और कार में मौजूद युवकों पर हमला कर दिया। कार से तीन युवक बाहर निकले और उन्होंने बचने का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों की संख्या अधिक होने के कारण वे वहां से भाग गए। इसके बाद हमलावरों ने कार को निशाना बनाया।
शिकारी और तिलक गुट की रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा मामला
हमले में शामिल युवकों और कार सवार लोगों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। हालांकि, शुरुआती तौर पर इस घटना को शिकारी ग्रुप और तिलक ग्रुप के बीच चल रही रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से दोनों पक्षों के युवकों की पहचान करने में जुटी है।
शहर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। मामले में कार्रवाई जारी है।
10 सितंबर को युवक पर हुआ था हमला
इससे पहले 10 सितंबर की रात रतिया की अरोड़ा कॉलोनी-रामनगर क्षेत्र में रणजीत सिंह टुन्ना नामक युवक पर डंडों से हमला किया गया था। हमले में उसके हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई थीं। उसे इलाज के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था।
इस मामले में पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया था। 12 सितंबर को उन्हें रतिया के बाजारों में पैदल परेड भी कराई गई थी।
शिकारी ग्रुप ने जिम्मेदारी लेने की बात कही थी
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर शिकारी ग्रुप की ओर से हमले की जिम्मेदारी लेने और आगे भी हमला करने की धमकी संबंधी पोस्ट सामने आने की बात कही गई थी। पुलिस अब ताजा घटना को भी पिछली वारदात से जोड़कर अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.