गुजरात में बस-ट्रक की जोरदार टक्कर, 5 यात्रियों की मौत; 5 गंभीर घायल

HIGHLIGHTS
- बस 'साई दर्शन ट्रैवल्स' की बताई गई है।
- हादसा बुधवार तड़के करीब 4 बजे हुआ।
- बस आनंद से नडियाद की ओर बढ़ रही थी।
अहमदाबाद। गुजरात के आनंद जिले में अहमदाबाद-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। सूरत से राजस्थान जा रही एक लग्जरी बस की ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बस सवार 5 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
बताया गया है कि दुर्घटना के समय बस में सवार ज्यादातर यात्री गहरी नींद में थे।
सुबह करीब 4 बजे हुई टक्कर
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, 'साई दर्शन ट्रैवल्स' की लग्जरी बस सूरत से यात्रियों को लेकर राजस्थान के लिए रवाना हुई थी। बुधवार सुबह करीब 4 बजे बस वडोदरा-अहमदाबाद एक्सप्रेसवे पर आनंद से नडियाद की तरफ जा रही थी। इसी दौरान बस और ट्रक की अचानक जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि बस में सो रहे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस और एंबुलेंस ने संभाला मोर्चा
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और एंबुलेंस की राहत टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।
हादसे में गंभीर रूप से घायल 5 यात्रियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले 5 यात्रियों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
ओवरटेकिंग या झपकी की आशंका
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सामान्य कराया। मामले में अपराध दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि ओवरटेकिंग के दौरान चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया होगा या फिर तड़के उसे अचानक नींद की झपकी आने से हादसा हुआ होगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.